मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और बढ़ते वैश्विक संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की बचत करने की अपील की थी। उन्होंने लोगों से अनावश्यक वाहन उपयोग कम करने, कार पूलिंग अपनाने और ज्यादा से ज्यादा सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल पर जोर दिया था। लेकिन मध्यप्रदेश में सामने आए एक घटनाक्रम ने इस अपील को लेकर नई राजनीतिक बहस छेड़ दी है।
दरअसल, मध्य प्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ठाकुर के पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान भोपाल की सड़कों पर सैकड़ों वाहनों का लंबा काफिला दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि उज्जैन समेत कई जिलों से उनके समर्थक बड़ी संख्या में अलग-अलग गाड़ियों से राजधानी पहुंचे थे। शहर में निकले इस बड़े काफिले की वजह से कई इलाकों में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
भोपाल की सड़कों पर घंटों तक ट्रैफिक प्रभावित रहा। कई जगह वाहन रेंगते नजर आए और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब सरकार खुद ईंधन बचाने और सार्वजनिक परिवहन अपनाने की बात कर रही है, तब नेताओं के इस तरह के बड़े काफिले सवाल खड़े करते हैं।
इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं ने इसे प्रधानमंत्री की अपील और नेताओं के व्यवहार के बीच विरोधाभास बताया। राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि जब आम लोगों से ईंधन बचाने की अपील की जा रही है, तब छोटे से कार्यक्रम के लिए सैकड़ों गाड़ियों का इस्तेमाल करना समझ से परे है।
कांग्रेस प्रवक्ता राहुल राज ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या नियम सिर्फ आम जनता के लिए हैं। वहीं कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. शमा मोहम्मद ने सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि ईंधन बचत की अपील के बाद नेताओं को खुद उदाहरण पेश करना चाहिए।
मामले के तूल पकड़ने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस लगातार बीजेपी को घेरने में जुटी है, जबकि अब तक बीजेपी की ओर से इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

More Stories
सीएम मोहन यादव ने पीएम मोदी की अपील के बाद लिया बड़ा फैसला, अपने काफिले से घटाए वाहन
पीएम मोदी की अपील का असर, MP ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ई-स्कूटी से पहुंचे मंत्रालय!
पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार! CM मोहन यादव ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को दी बधाई