V India News

Web News Channel

उज्जैन में दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन नाली में गिरी महिला, पेट के आर-पार हुआ सरिया, हालत नाज़ुक! 

उज्जैन: धार्मिक नगरी उज्जैन के थाना माधव नगर क्षेत्र के देसाई नगर में सोमवार को एक हृदयविदारक हादसा हुआ। यहां सड़क चौड़ीकरण और नाली निर्माण कार्य के दौरान बरती गई लापरवाही एक महिला की जान पर बन आई। गोपालपुरा निवासी प्रेमलता, जो देसाई नगर में घरों में साफ-सफाई का काम करती हैं, सुबह काम पर जा रही थीं। इसी दौरान निर्माणाधीन नाली को पार करते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे बिछे लोहे के सरियों के जाल पर जा गिरीं।

वैकल्पिक रास्ते ने दिया धोखा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाली निर्माण के कारण लोगों ने घरों में जाने के लिए अस्थायी तौर पर लकड़ी के पटिए रख दिए थे। जब प्रेमलता एक घर से दूसरे घर जाने के लिए पटिए पर चढ़ीं, तो वह असंतुलित हो गईं। नाली में नुकीले सरियों का जाल बिछा था, जिनमें से एक सरिया महिला के पेट में बुरी तरह धंस गया। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।

रहवासियों ने सरिया काटकर निकाली जान

महिला को तड़पता देख स्थानीय रहवासी मनीष शुक्ला और अन्य पड़ोसी तुरंत मदद के लिए दौड़े। स्थिति इतनी गंभीर थी कि महिला को सीधे खींचना मुमकिन नहीं था, इसलिए रहवासियों ने मशीन की मदद से लोहे के सरिए को काटा और उसी अवस्था में महिला को फ्रीगंज स्थित निजी अस्पताल पहुँचाया। सूचना मिलते ही महापौर मुकेश टटवाल भी मौके पर पहुंचे और सहायता प्रदान की।

डॉक्टर बोले- सर्जरी है चुनौतीपूर्ण

निजी चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सक डॉ. सुशील गुप्ता ने बताया कि महिला की हालत फिलहाल बहुत नाजुक है। सरिया पेट के भीतर महत्वपूर्ण अंगों को नुकसान पहुंचा चुका है। डॉ. गुप्ता के अनुसार, ‘सरिया बाहर निकालते समय शरीर के अंगों के और अधिक डैमेज होने का खतरा है। फिलहाल मरीज आईसीयू में है और जल्द ही जटिल सर्जरी की जाएगी।’