इंदौर। चलती कार में स्टंट कर जान जोखिम में डालने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवकों का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया था। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया और उनकी कार भी जब्त कर ली। उनका नया वीडियो जारी हुआ जिसमें वे कार धकेलते और माफी मांगते हुए नजर आ रहे हैं।
टीआई संतोष दूधी के अनुसार वायरल वीडियो में कार चालक भंवरकुआं ब्रिज पर लापरवाही पूर्वक स्टंट करता नजर आया। यह हरकत न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन थी, बल्कि आम लोगों की जान के लिए भी खतरा बन रही थी। गाड़ी ब्रिज पर चल रही थी और दो युवक दरवाजों से लटक रहे थे। एक युवक सनरूफ से बाहर था।
मामले में थाना भंवरकुआं पर अपराध बीएनएस की धारा 281 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 112/183(1) व 184 के तहत प्रकरण कायम किया गया। पुलिस ने बुधवार को एक टीम गठित की और कार के सीसीटीवी फुटेज निकाले गए। उसके आधार पर 22 वर्षीय प्रतीक पुत्र मनोज निहाले, निवासी भोलाराम उस्ताद मार्ग और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपितों की कार भी जब्त कर ली है। दोपहर को उनका नया वीडियो बनाया गया। आरोपित कड़ी धूप में कार को धकेलते हुए ले जा रहे थे और स्टंट करने पर माफी मांगते नजर आ रहे थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह की जानलेवा हरकतों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

More Stories
जेल की ड्यूटी करते-करते कैदी से हुआ महिला अफसर को प्यार, शादी तक पहुंची दोनों की लव स्टोरी!
इंदौर में सड़क किनारे मिले नोटों से भरे 3 बैग, ऊपर असली-भीतर निकली रद्दी!
इंदौर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का बड़ा खुलासा: 7 गिरफ्तार, करोड़ों की ट्रांजैक्शन डिटेल बरामद!