मध्यप्रदेश के इंदौर में गुरुवार (7 मई) को लावारिस हालत में मिले तीन संदिग्ध बैगों से 500 रुपये के नोट जैसे आकार वाली 566 गड्डियां बरामद की गईं और जांच के दौरान इनमें से केवल 84 नोट असली पाए गए. पुलिस को मामले की सूचना मिलते ही, उन्होंने तीनों बैग जब्त कर लिए.
बैग में 500 के नोट के आकार की मिलीं 566 गड्डियां
सूचना के मुताबिक सांवेर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की नजर खेत में रखे तीन संदिग्ध बैगों पर पड़ी, मगर काफी देर तक कोई बैग लेने नहीं आया तो, उसने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. उसने बताया कि इंदौर-उज्जैन राजमार्ग पर उसके खेत के पास तीन संदिग्ध बैग पड़े हैं.
मौके पर पहुंची पुलिस ने बैग खोले, तो उनमें कुल 566 गड्डियां मिलीं जो 500 रुपये के नोट के आकार की थीं. इनमें से अधिकांश गड्डियों में ऊपर और नीचे 500-500 रुपये के नोट लगे थे, जबकि बीच में सादा कागज रखा गया था.
566 गड्डियों में 500 रुपये के कुल 84 असली नोट
विज्ञप्ति के मुताबिक 133 गड्डियां ऐसी थीं जिनमें केवल सादा कागज था, लेकिन उनके किनारों पर 500 रुपये के नोट जैसा रंग लगाया गया था. जांच के दौरान 566 गड्डियों में 500 रुपये के कुल 84 असली नोट मिले जिनकी कुल कीमत 42,000 रुपये है. सांवेर पुलिस ने मामला सामने आते ही पूरे क्षेत्र में घेराबंदी कर दी है और जांच कर रही है. पुलिस को संदेह है कि ये गड्डियां किसी धोखाधड़ी को अंजाम देने के लिए तैयार की गई थीं.
ग्रामीण एडिशनल एसपी रूपेश कुमार द्विवेदी ने बताया है कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है. साथी ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह बैग कब और किसने रखे हैं और किस चीज को अंजाम देने की कोशिश की जा रही थी.

More Stories
Indore: हाईवे पर स्टंट कर दिखा रहे थे भौकाल, पुलिस ने ऐसा दिया सबक!
जेल की ड्यूटी करते-करते कैदी से हुआ महिला अफसर को प्यार, शादी तक पहुंची दोनों की लव स्टोरी!
इंदौर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का बड़ा खुलासा: 7 गिरफ्तार, करोड़ों की ट्रांजैक्शन डिटेल बरामद!