मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. गोसलपुर थाने के पास नेशनल हाईवे पर यात्रियों से भरी एक बस और गेहूं से लदे ट्रैक्टर-ट्राली के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रैक्टर दोनों ही अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गए. इस हादसे में बस में सवार 39 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है.
सिहोरा सिविल अस्पताल के डॉक्टर सुनील लटियार ने बताया हादसा उस वक्त हुआ जब ट्रैक्टर चालक ट्राली में गेहूं भरकर स्थानीय मंडी की ओर ले जा रहा था. इसी दौरान कटनी से जबलपुर की ओर आ रही यात्री बस और ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर हो गई. भिड़ंत होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई. टक्कर के बाद ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और गेहूं सड़क पर बिखर गया, वहीं बस भी पलट गई जिससे यात्री अंदर ही फंस गए.
हादसे की आवाज सुनते ही स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े. सूचना मिलते ही गोसलपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस और स्थानीय लोगों ने मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया. सिहोरा सिविल अस्पताल में 21 घायलों का इलाज किया जा रहा है. जबकि गोसलपुर स्वास्थ्य केंद्र में 18 घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया है. 3 यात्रियों की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें तत्काल जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भिड़ंत इतनी तेज थी कि बस के पलटने से कई यात्री सीटों के बीच दब गए थे, जिन्हें काफी मुश्किलों से बाहर निकाला गया. हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर काफी देर तक आवागमन बाधित रहा. पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाना शुरू कर दिया हैं और यातायात सुचारू कराया जा रहा हैं. फिलहाल हादसा कैसे हुआ, पुलिस इसकी जांच कर रही है.

More Stories
MP; मुरैना में प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर दी जान!
रतलाम में चलती कार बनी आग का गोला, 1 की मौत, दो घायल!
भोपाल में किसानों का उबाल: एसडीएम दफ्तर के बाहर जोरदार प्रदर्शन!