उज्जैन जिले के झारड़ा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें भारतीय सेना के नायब सूबेदार रामचंद्र पाटिल की मौत हो गई. रामचंद्र पाटिल अंबाला से कर्नाटक के बेलगांव जा रहे थे. इसी दौरान गरोठ हाईवे पर उनकी कार आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा टकराई. टक्कर इतनी तेज थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. इस हादसे के समय कार में उनके ससुर गोविंद पाटिल भी मौजूद थे. वे इस दुर्घटना में घायल हो गए हैं और उनका इलाज जारी है.
बताया जा रहा है कि परिवार के अन्य सदस्य पहले ही ट्रेन से बेलगांव के लिए रवाना हो चुके थे, जबकि रामचंद्र पाटिल और उनके ससुर कार से यात्रा कर रहे थे.
हादसे की सूचना मिलते ही झारड़ा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झारड़ा सिविल अस्पताल भेजा. पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उज्जैन लाया गया, जहां से मोबाइल एंबुलेंस के जरिए इसे कर्नाटक के बेलगांव भेजा गया.
इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है. सेना के जवान की अचानक हुई मौत से परिवार और स्थानीय लोग गहरे सदमे में हैं. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है.

More Stories
सामाकोटा बैराज के लोकार्पण से महिदपुर को मिली विकास की नई गति, मुख्यमंत्री ने दीं कई बड़ी सौगातें!
भैरवगढ़ जेल में 1000 कैदी करेंगे सामूहिक योग और प्राणायाम!
महाकाल मंदिर में भेष बदलकर भस्म आरती में प्रवेश की कोशिश, युवक हिरासत में!