उज्जैन। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय की कृषि अध्ययनशाला की नई बिल्डिंग के मेन गेट पर सोमवार तड़के करीब 2 से 3 बजे के बीच अज्ञात शरारती तत्वों ने टोना-टोटका कर दहशत फैलाने की कोशिश की। बदमाशों ने गेट के पास दीवार पर कुंकू से डरावने शब्दों में “तुम सब मरोगे” लिख दिया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया।
गेट के सामने रखी मटकी, दीवार पर लिखे धमकी भरे शब्द
रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार सुबह जब चौकीदार आशीष बोरिंग चालू करने पहुंचे, तो उन्होंने मेन चैनल गेट के सामने एक मटकी, लाल कपड़ा और आसपास कुंकू से बने तंत्र क्रिया जैसे निशान देखे। पास ही दीवार पर धमकी भरे शब्द लिखे हुए थे। उन्होंने तुरंत अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे शिक्षक और कर्मचारी भी यह नजारा देखकर घबरा गए।
नई बिल्डिंग में 10 दिन पहले ही शुरू हुई क्लास
गौरतलब है कि इस नई बिल्डिंग में करीब 10 दिन पहले ही कक्षाओं का संचालन शुरू हुआ था। यहां लगभग 1100 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। ढाई साल से अधिक समय बाद इस भवन में गतिविधियां शुरू हुई थीं।
सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि बिल्डिंग के बाहर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, जिससे आरोपियों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। फिलहाल अध्ययनशाला के अधिकारी इस शरारती हरकत के पीछे जिम्मेदार लोगों का पता लगाने में जुटे हैं। चौकीदार आशीष ने बताया कि रात करीब 2 बजे तक सभी जाग रहे थे। सुबह बोरिंग चालू करने पहुंचे तो यह सब देखा, जिसे छुआ भी नहीं और तुरंत सूचना दी।
सामग्री हटवाई और दीवार पर कराई पुताई
विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश टेलर के अनुसार, अज्ञात तत्वों द्वारा की गई इस हरकत के बाद मौके पर रखी सामग्री हटवा दी गई है और दीवार पर लिखे शब्दों को पुताई कर मिटा दिया गया है। मामले की सूचना विश्वविद्यालय प्रशासन को दे दी गई है।

More Stories
महाकाल की शरण में फिल्म एक्ट्रेस निकिता दत्ता, नंदी हॉल में बैठकर लगाया ध्यान, मांगी मन्नत!
उज्जैन; दहेज के खिलाफ अनोखी मिसाल, परिवार ने लौटाए 25 लाख रुपये नकद और 15 तोला सोना!
उज्जैन में धूमधाम से मनाई जाएगी मां बगलामुखी की जयंती!