V India News

Web News Channel

तमिलनाडु में CM मोहन यादव का हमला, बोले- भ्रष्ट सरकार को उखाड़ने का वक्त!

तमिलनाडु की सियासत में विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी चरम पर है। इसी बीच मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के तीखे तेवर चर्चा में हैं। वे बीजेपी और AIADMK के समर्थन में चुनाव प्रचार करने तमिलनाडु पहुंचे, जहां उन्होंने विपक्षी दलों DMK और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

नमक्कल जिले की रासीपुरम विधानसभा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मोहन यादव ने कहा कि इस बार जनता का रुझान साफ है और तमिलनाडु में NDA की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की मौजूदा सरकार भ्रष्टाचार, परिवारवाद और कुशासन का प्रतीक बन चुकी है।

DMK और कांग्रेस पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि DMK और कांग्रेस ने वर्षों तक परिवारवाद को बढ़ावा दिया और जनता के हितों की अनदेखी की। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दल गरीबों का हक छीनकर सत्ता का लाभ उठाते रहे हैं। मोहन यादव ने कहा कि अब समय आ गया है कि ऐसी “लुटेरी और बेईमान सरकार” को सत्ता से बाहर किया जाए।

उन्होंने मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाली सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, माफिया और अपराधियों का बोलबाला है, जबकि आम जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है।

नारी शक्ति और महिला आरक्षण का मुद्दा उठाया

मोहन यादव ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण बिल का विरोध कर देश की आधी आबादी का अपमान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष नहीं चाहता कि गरीब और सामान्य परिवार की बेटियां राजनीति में आगे बढ़ें।

उन्होंने कहा कि NDA सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है और आने वाले समय में इसका असर और दिखेगा।

डबल इंजन सरकार का किया दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है और तमिलनाडु में भी “डबल इंजन सरकार” बनने से विकास को गति मिलेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा-AIADMK गठबंधन राज्य में नई सरकार बनाएगा।

सांस्कृतिक जुड़ाव भी रहा चर्चा में

अपने दौरे के दौरान मोहन यादव का अलग अंदाज भी देखने को मिला। वे साउथ इंडियन पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए और केले के पत्ते पर भोजन करते हुए भी दिखे, जिससे स्थानीय संस्कृति के प्रति उनके जुड़ाव का संदेश गया।

धार्मिक और सांस्कृतिक संदर्भ भी दिए

मोहन यादव ने अपने संबोधन में Ujjain के बाबा महाकाल और Rameswaram के भगवान शिव का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सांस्कृतिक एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।