इंदौर के मांगलिया स्थित तेल डिपो के ठीक सामने आज भीषण आगजनी की घटना हुई। सात्विक विहार के सामने लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी भयानक थी कि इसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रहीं थी और इसने आसपास की दुकानों और घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। दोपहर 4 बजे आग लगी और इस पर 5 बजे तक काबू पाया जा सका।
मांगलिया डिपो क्षेत्र में हजारों लीटर पेट्रोल और डीजल का भंडारण रहता है, जिसके कारण प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमों ने बेहद सतर्कता बरती। आग लगने के बाद दमकल विभाग की टीमें लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास करतीं रही। सुरक्षा की दृष्टि से डिपो के आसपास के सभी रास्तों को बंद कर दिया गया।
यातायात बाधित, टैंकरों पर रोक
घटना के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। प्रशासन ने तेल से भरे उन टैंकरों को भी डिपो के बाहर ही रोक दिया, जो अंदर जाने या बाहर निकलने वाले थे। टैंकरों की लंबी कतार लगने और आग के फैलाव को देखते हुए क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
आसपास के रहवासी क्षेत्र को कराया गया खाली
आग की तीव्रता और डिपो की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तत्काल कदम उठाते हुए आसपास के घरों में रहने वाले लोगों को बाहर निकाल लिया। सभी रहवासियों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके।

More Stories
दतिया उपचुनाव में भाजपा को बड़ा झटका, कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने दर्ज की निर्णायक जीत!
इंदौर में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर विरोध, एफआईआर की मांग!
इंदौर जिला कोर्ट में फर्जी वकील होने के शक में युवक गिरफ्तार, बार एसोसिएशन के औचक निरीक्षण में खुला मामला