उज्जैन जिले की बड़नगर तहसील के ग्राम किलोली स्थित आंगनवाड़ी केंद्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां बच्चों को दिए जाने वाले पोषक आहार में कीड़े और इल्लियां निकलने का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वीडियो में चावल और अन्य भोजन सामग्री में कीड़े रेंगते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे आंगनवाड़ी में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को दिए जाने वाले भोजन को लेकर लंबे समय से गड़बड़ी की शिकायतें मिल रही थीं। इस बार भोजन सामग्री में कीड़े दिखाई देने पर ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर प्रशासन तक शिकायत पहुंचाई।
मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राजस्व अमले के साथ नायब तहसीलदार प्रियंका जैन को मौके पर जांच के लिए भेजा। नायब तहसीलदार ने आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचकर भोजन सामग्री और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
अधिकारियों के अनुसार, आंगनवाड़ी केंद्र में घर से बनकर आने वाले भोजन में कीड़े मिलने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के बाद नायब तहसीलदार और सीडीपीओ को मौके पर जांच के लिए भेजा गया। जिस केंद्र से भोजन की आपूर्ति की जा रही थी, उसे तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है और बच्चों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर दी गई है।

More Stories
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री पारस जैन का निधन, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दी श्रद्धांजलि!
सावन के प्रथम सोमवार पर शिवमय हुआ मध्यप्रदेश, बाबा महाकाल की भव्य सवारी में उमड़ा आस्था का सैलाब!
महामंडलेश्वर ज्ञानदास पर दुष्कर्म सहित गंभीर आरोप, एफआईआर दर्ज; पुलिस जांच में जुटी!