V India News

Web News Channel

शहडोल; पहले दिखाई भक्ति, फिर मन्दिर से मुकुट चुरा ले गया चोर!

शहडोल जिले से चोरी की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां आस्था और अपराध का अजीब मेल देखने को मिला। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन के पास वार्ड क्रमांक-34, रेलवे कॉलोनी स्थित श्री तिरुपति बालाजी मंदिर में अज्ञात चोर ने चोरी से पहले ऐसा व्यवहार किया, मानो वह सच्चा भक्त हो।

पहले भक्ति फिर चोरी

मंदिर में प्रवेश करने से पहले चोर ने जूते उतारे, फिर प्रवेश द्वार पर चरण वंदन किया और भगवान की परिक्रमा भी की। इसके बाद उसने मंदिर में स्थापित प्रतिमाओं से चांदी के मुकुट उतारकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रतिमाओं से उतारे मुकुट

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, चोर ने सबसे पहले भगवान बालाजी, लक्ष्मी देवी और भू देवी की प्रतिमाओं से चांदी के मुकुट उतारे। इसके बाद वह नीचे स्थित राम दरबार पहुंचा, जहां भगवान राम और लक्ष्मण की प्रतिमाओं पर चढ़े चांदी के मुकुट भी निकालकर अपने बैग में रख लिए। हालांकि, आश्चर्य की बात यह रही कि मंदिर में मौजूद हनुमान जी की प्रतिमा से चोर ने मुकुट नहीं उतारा। बताया जा रहा है कि संभवता भय या श्रद्धा के कारण उसने हनुमान जी के मुकुट को हाथ तक नहीं लगाया, जिससे यह घटना और भी रहस्यमयी बन गई है।

2 किलो चांदी की चोरी

प्रारंभिक आकलन के अनुसार, चोर करीब 2 किलो चांदी के मुकुट चोरी कर ले गया है, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात के बाद से मंदिर परिसर में दहशत का माहौल है।

जांच में जुटी पुलिस 

इस मामले में सीएसपी राघवेंद्र द्विवेदी ने बताया कि अज्ञात चोर द्वारा श्री तिरुपति बालाजी मंदिर से चांदी के मुकुट चोरी किए गए हैं। घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और फुटेज के आधार पर उसकी पहचान व तलाश की जा रही है।