उज्जैन की सड़कों पर पुलिस द्वारा एक अलग ही दृश्य नजर आया। यहां ट्रैफिक पुलिस ने नियम तोड़ने वालों को दंडित करने की बजाय, नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को सम्मानित किया। हेलमेट पहनकर बाइक चलाने वालों और ट्रैफिक नियमों का पालन करने वालों को पुलिस ने स्मृति चिन्ह देकर प्रोत्साहित किया।
सड़क सुरक्षा के लिए चलाया जा रहा विशेष अभियान
इस अभियान को उज्जैन पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) और उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) के नेतृत्व में शुरू किया गया। भरतपुरी चौराहा और नानाखेड़ा चौराहा पर चलाए गए इस विशेष अभियान में यातायात नियमों का पालन करने वाले दोपहिया चालकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
हेलमेट नहीं पहनने से बढ़ रही मौतें
सड़क हादसों में सबसे ज्यादा मौतें दोपहिया चालकों की होती हैं। हर साल देश में करीब 50,000 लोग सड़क हादसों में जान गंवाते हैं, जिनमें से 35,000 दोपहिया चालक होते हैं। इन मौतों का सबसे बड़ा कारण हेलमेट न पहनना होता है। सिर्फ मध्यप्रदेश में हर साल करीब 3,000 लोग हेलमेट न पहनने के चलते अपनी जान गंवा बैठते हैं।
जब पुलिस ने रोका तो डर गए, लेकिन मुस्कान लौट आई
अभियान के दौरान जब ट्रैफिक पुलिस ने बाइक सवारों को रोका, तो पहले तो लोग घबरा गए कि कहीं चालान न कट जाए। लेकिन जब उन्हें स्मृति चिन्ह और सम्मान मिला, तो चेहरे पर मुस्कान लौट आई। कई लोगों ने बताया कि हेलमेट पहनने की वजह से वे पहले भी हादसे से बच चुके हैं।
प्रेरणा बने नियमों का पालन करने वाले
इस अवसर पर हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ट्रैफिक सिग्नल मानने और दस्तावेज साथ रखने वालों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सिर्फ चालान काटना ही समाधान नहीं है, जागरूकता फैलाना भी उतना ही जरूरी है।

More Stories
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री पारस जैन का निधन, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दी श्रद्धांजलि!
सावन के प्रथम सोमवार पर शिवमय हुआ मध्यप्रदेश, बाबा महाकाल की भव्य सवारी में उमड़ा आस्था का सैलाब!
महामंडलेश्वर ज्ञानदास पर दुष्कर्म सहित गंभीर आरोप, एफआईआर दर्ज; पुलिस जांच में जुटी!