उज्जैन; शहर के चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र में नागदा-उन्हेल मार्ग पर एक स्लीपर बस पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 9 यात्री घायल हो गए, जिन्हें तुरंत चरक अस्पताल ले जाया गया। यह बस अशोक ट्रेवल्स की थी जो जोधपुर से इंदौर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शी यात्री करतार सिंह गुर्जर के अनुसार, भैरवगढ़ क्षेत्र में बंसल स्कूल के पास एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ड्राइवर ने बस से नियंत्रण खो दिया, जिससे बस पलट गई।
घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी सुमित अग्रवाल मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। बस में कुल 35 यात्री सवार थे। घायलों में बस चालक नयन सिंह, शिल्पी उपाध्याय, नैन सिंह, मनोहर, कैलाश, धर्मेंद्र और एक गर्भवती महिला शामिल हैं। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े।
सिविल सर्जन अजय दिवाकर ने बताया कि घायलों में से दो की स्थिति चिंताजनक है, जबकि बाकी यात्री खतरे से बाहर हैं। गर्भवती महिला की सोनोग्राफी की जा रही है और कुछ घायलों को हड्डी वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों की टीम लगातार सभी घायलों की निगरानी कर रही है।

More Stories
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एसडीएम लक्ष्मीनारायण गर्ग गंभीर घायल, गर्दन में चोट और आंख के ऊपर फ्रैक्चर
उज्ज्वला योजना में कथित फर्जीवाड़े के नाम पर रिश्वत, 20 हजार लेते एडीएम कार्यालय का बाबू गिरफ्तार
28 दिन बाद भी FIR नहीं होने पर आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन, पुलिस ने मजदूर चौराहे पर रोका