V India News

Web News Channel

भोपाल; CRPF जवान ने पत्नी की हत्या कर पुलिस को लगाया कॉल, फिर खुद को मार ली गोली!

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां बंगरसिया सीआरपीएफ कैंप में पदस्थ आरक्षक रविकांत वर्मा ने पहले अपनी पत्नी रेनू वर्मा को गोली मारी। फिर खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। खुदकुशी करने से पहले आरोपी पति ने पुलिस को खुद फ़ोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। मामले में मिसरोद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह घटना पारिवारिक कलह की वजह बताई जा रही है।

भिंड के मिहोना के रहने वाले थे दोनों मृतक 

जानकारी के अनुसार आरक्षक रविकांत वर्मा और उसकी पत्नी रेनू वर्मा भिंड के रहने वाले है। जिनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बीती रात भी दोनों के बीच बहस हुई और आरक्षक ने अपने पत्नी पर गोलियां चला दी। जिसकी वजह से उसकी मौके पर मौत हो गई। इधर गोली की आवाज सुनकर पडोसी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। हादसे के वक्त आरक्षक के दोनों बच्चे घर पर दूसरे कमरे में थे।

जवान ने पुलिस को किया कॉल

मामले में अधिक जानकारी देते हुए टीआई मनीष राज सिंह भदौरिया का कहना है कि रात करीब डेढ़ बजे रविकांत ने कॉल किया था। उसने बताया कि ‘मैंने अपनी पत्नी को गोली मार दी है।’ फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। हालांकि इस घटना को लेकर पड़ोसियों का कहना है कि दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। संभवतः पति-पत्नी के विवाद में ही आरक्षक ने ये कदम उठाया है। जवान रविकांत वर्मा (35) और पत्नी रेनू वर्मा (32) सीआरपीएफ कैंप के पास सिविल कॉलोनी में रहते थे। इनके दो बच्चे ढाई साल की बेटी और 6 साल का बेटा है। रवि 13 साल पहले सीआरपीएफ में भर्ती हुआ था। रविकांत के दो अन्य भाई भी सीआरपीएफ में ही नौकरी करते हैं।

मायके को ज्यादा तवज्जो देने को लेकर विवाद

पुलिस की अब तक की जांच में पता चला है कि सीआरपीएफ जवान रविकांत और रेनू की 8 साल पहले शादी हुई थी। पत्नी रेनू मायके पक्ष से फोन पर ज्यादा बातचीत करती थी। जवान को लगता था कि पत्नी ससुराल से ज्यादा मायके पक्ष को तवज्जो देती है। उससे और बच्चों से ज्यादा समय फोन पर बातचीत में बिताती है।

इसी वजह से दोनों के बीच आए दिन विवाद होते थे। पुलिस का मानना है कि दोनों के बीच हुआ विवाद देर रात तक चला, इसके बाद जवान ने यह कदम उठाया है।