V India News

Web News Channel

ujjain; 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की, तुरंत पकड़ा गया

उज्जैन। जीवाजीगंज थाना क्षेत्र में 9 साल की नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को घटनास्थल पर ले जाते समय उसने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे कुछ ही देर में पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ हिरासत से भागने की कोशिश का अलग से मामला दर्ज किया गया है। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना 9 सितंबर को तिलकेश्वर क्षेत्र में हुई थी। आरोप है कि तिलकेश्वर तिराहे के पास स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स में 9 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद बच्ची के परिजन 10 सितंबर को जीवाजीगंज थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांसापुरा तलाई निवासी अकबर उर्फ भय्या पिता असलम हेला (35) के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(m), 65(2), 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5(एल)/6 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटनास्थल पर ले जाते समय भागने की कोशिश

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उसे घटनास्थल से संबंधित कार्रवाई के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान उसने पुलिस की निगरानी से निकलकर भागने की कोशिश की।

पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और दोबारा हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस हिरासत से भागने के प्रयास को लेकर जीवाजीगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 262 के तहत एक और प्रकरण दर्ज किया गया।

पूरी कार्रवाई के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया।