V India News

Web News Channel

कलयुगी बेटे की हैवानियत: पिता की हत्या के बाद छह महीने तक बक्से में बंद रखा शव!

मध्य प्रदेश के दतिया जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक 24 वर्षीय युवक ने महज 40 हजार रुपये के विवाद में अपने सगे पिता की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने शव को अपने ही घर में लोहे के बड़े बक्से में बंद कर दिया और करीब छह महीने तक किसी को इसकी भनक नहीं लगने दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक उदयभान सिंह बुंदेला (45) ने अपने बेटे नितिन बुंदेला को खेती के खर्च और ट्रैक्टर की किस्त जमा करने के लिए 40 हजार रुपये दिए थे। आरोप है कि नितिन ने यह रकम शराब और जुए में उड़ा दी। जब पिता ने पैसों का हिसाब मांगा तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में नितिन ने कुल्हाड़ी से हमला कर पिता की हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को घर के अंदर रखे एक बड़े लोहे के बक्से में बंद कर दिया। वह गांव वालों और रिश्तेदारों से लगातार यही कहता रहा कि उसके पिता काम के सिलसिले में मुंबई गए हैं। करीब छह महीने तक उसने इसी झूठ के सहारे लोगों को गुमराह किया।

समय बीतने के साथ शव पूरी तरह गल गया और केवल कंकाल शेष रह गया। इसके बाद आरोपी ने अपने सगे चाचा कल्ली उर्फ एस्पेंद्र बुंदेला की मदद से कंकाल और अन्य अवशेषों को पास की नदी में फेंक दिया, ताकि हत्या का कोई सबूत न बचे।

जब लंबे समय तक उदयभान सिंह का कोई पता नहीं चला तो परिजनों की ओर से गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जांच के दौरान पुलिस को कई संदिग्ध तथ्य मिले। पूछताछ में आरोपी नितिन आखिरकार टूट गया और उसने पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया।

पुलिस ने मुख्य आरोपी नितिन बुंदेला और उसके चाचा कल्ली उर्फ एस्पेंद्र बुंदेला को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही नदी से मानव अवशेष बरामद करने की कार्रवाई जारी है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।