उज्जैन। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को उज्जैन में आयोजित ‘सिंहस्थ-2016 का संकल्प, सिंहस्थ-2028 का संकल्प’ विषयक कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए आगामी सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों का खाका प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 विश्व का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन होगा, जिसमें लगभग 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में अधोसंरचना, यातायात, आवास और धार्मिक स्थलों के विकास पर अभी से व्यापक स्तर पर कार्य करना होगा।
मुख्यमंत्री सुबह हेलीकॉप्टर से उज्जैन पहुंचे और सीधे अंजूश्री होटल में आयोजित कार्यशाला में शामिल हुए। कार्यक्रम में वर्ष 2016 के सिंहस्थ के दौरान महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालने वाले अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए, वहीं विभिन्न विभागों ने आगामी सिंहस्थ के लिए अपनी कार्ययोजनाएं प्रस्तुत कीं। उज्जैन संभाग के आयुक्त आशीष सिंह ने तैयारियों और प्रस्तावित विकास कार्यों पर विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया।
2016 की चुनौतियों से लिया सबक
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार सिंहस्थ के दौरान सबसे बड़ी चुनौती यातायात व्यवस्था और सड़क जाम की रही थी। इस बार इन कमियों को दूर करने के लिए पहले से ही व्यापक योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि केवल मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्यों के साथ भी समन्वय स्थापित किया जाएगा ताकि सीमावर्ती क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाई जा सके।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा नया स्वरूप
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि श्रद्धालु केवल क्षिप्रा नदी में स्नान करने नहीं आते, बल्कि उज्जैन के विभिन्न धार्मिक और ऐतिहासिक मंदिरों के दर्शन भी करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए शहर के सभी प्रमुख मंदिरों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का संकल्प लिया गया है, जिससे धार्मिक पर्यटन को भी नई पहचान मिले।
सरकारी व्यवस्थाओं पर रहेगा जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ-2028 के दौरान श्रद्धालुओं को निजी होटल और भवनों पर निर्भर नहीं रहना पड़े, इसके लिए पर्याप्त सरकारी आवास और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही उज्जैन से लगभग 100 किलोमीटर तक के प्रमुख मार्गों पर स्थित होटल, ढाबों और अन्य सुविधाओं को भी मजबूत करने की योजना तैयार की जा रही है।
ऐतिहासिक आयोजन बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाज के सहयोग से सिंहस्थ-2028 को अब तक का सबसे सुव्यवस्थित, सुरक्षित और ऐतिहासिक आयोजन बनाया जाएगा।

More Stories
उज्जैन में मुहर्रम जुलूस के दौरान बवाल; लाठी-डंडों से हमला, वायरल वीडियो की जांच में जुटी पुलिस
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को गति देने उज्जैन आएंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव!
बड़नगर विस्फोट कांड: वायरल वीडियो के बाद हरकत में जांच एजेंसियां, एटीएस ने संभाली कमान!