V India News

Web News Channel

उज्जैन में मुहर्रम जुलूस के दौरान बवाल; लाठी-डंडों से हमला, वायरल वीडियो की जांच में जुटी पुलिस

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में मुहर्रम जुलूस के दौरान हिंसा का एक और मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कुछ युवक हाथों में लाठी-डंडे लिए खड़े दिखाई दे रहे हैं। जैसे ही जुलूस उनके पास पहुंचता है, वे अचानक लोगों पर हमला शुरू कर देते हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो 25 जून को नई सड़क क्षेत्र में निकले मुहर्रम जुलूस का है। वीडियो में कई लोग जान बचाकर इधर-उधर भागते दिखाई देते हैं, जबकि कुछ लोग हमलावरों का पीछा करते भी नजर आते हैं। हालांकि आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना में कुछ लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

एक सप्ताह में दूसरी हिंसक घटना

मुहर्रम जुलूस के दौरान एक सप्ताह के भीतर सामने आई यह दूसरी हिंसक घटना है। इससे पहले बड़नगर में जुलूस के दौरान एक वाहन को क्रेन से हवा में लटकाकर उसमें विस्फोट किए जाने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी। वहीं 18 जून की रात बेगमबाग क्षेत्र में निकले घोड़ा जुलूस के दौरान भी दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जो बाद में लाठी-डंडों की मारपीट में बदल गया था।

वायरल वीडियो की जांच कर रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की बारीकी से जांच की जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल इस घटना को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लगातार सामने आ रही घटनाओं से बढ़ी चिंता

मुहर्रम जुलूस के दौरान लगातार सामने आ रही हिंसा और विवाद की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन अब वायरल वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहा है, ताकि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।