कोलकाता। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेताओं की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। जबरन वसूली मामले में गिरफ्तार TMC नेता सब्यसाची दत्ता से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मंगलवार तड़के नदिया जिले में छापेमारी कर करीब 3 किलो सोना बरामद किया है। बरामद सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बिधाननगर नॉर्थ थाने की टीम मंगलवार सुबह करीब 3 बजे सब्यसाची दत्ता को साथ लेकर नदिया जिला परिषद सदस्य टीना साहा भौमिक के तेहट्टा स्थित आवास पहुंची। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण मिले।
सब्यसाची दत्ता की निशानदेही पर हुई छापेमारी
सूत्रों के मुताबिक, जबरन वसूली मामले में गिरफ्तार सब्यसाची दत्ता से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई थीं। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने नदिया जिले के तेहट्टा और करीमपुर क्षेत्रों में छापेमारी की।
पुलिस का दावा है कि बरामद सोना सब्यसाची दत्ता के पैसों से खरीदा गया था और उसे टीना भौमिक के घर में रखा गया था। जांच एजेंसियों ने टीना के दो अलग-अलग आवासों से सोने के हार, चूड़ियां, लॉकेट, झुमके सहित अन्य आभूषण बरामद किए हैं।
जमीन के दस्तावेज भी जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई जमीन संबंधी दस्तावेज भी अपने कब्जे में लिए हैं। मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए टीना भौमिक को गुरुवार को बिधाननगर पुलिस स्टेशन में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का नोटिस जारी किया गया है।
कौन हैं टीना साहा भौमिक?
टीना साहा भौमिक नदिया जिला परिषद की सदस्य हैं और तृणमूल कांग्रेस की महिला इकाई ‘बंगजननी’ में भी महत्वपूर्ण पद पर रह चुकी हैं। राजनीतिक गलियारों में उन्हें सब्यसाची दत्ता का करीबी माना जाता है।
उनका नाम पहले भी विवादों में आ चुका है। स्थानीय विधायक तापस साहा ने उन पर प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोप लगाए थे।
टीना भौमिक ने लगाए साजिश के आरोप
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए टीना भौमिक ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि यह कार्रवाई राजनीतिक साजिश का हिस्सा है। उन्होंने दावा किया कि सब्यसाची दत्ता से उनके केवल राजनीतिक संबंध हैं और इसके अलावा कोई निजी संबंध नहीं है।
टीना ने आरोप लगाया कि छापेमारी के दौरान उनकी मां, भाई की पत्नी समेत परिवार की सात महिलाओं के निजी आभूषण भी जब्त कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में कानूनी कार्रवाई करेंगी।
पहले भी मिले थे सोना खरीदने के दस्तावेज
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले सब्यसाची दत्ता के घर से 50 किलो सोना खरीदने से संबंधित रसीदें बरामद हुई थीं। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी शुरू की, जिसके तहत अब यह बड़ी बरामदगी सामने आई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बरामद सोने के स्रोत तथा उससे जुड़े वित्तीय लेनदेन की पड़ताल की जा रही है।

More Stories
बंगाल: शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट की हत्या, मारी गईं चार गोलियां
रोटरी क्लब ऑफ़ बरेली ने गरीब व जरूरतमंदों को बांटे कंबल!
मुंबई: जोगेश्वरी वेस्ट में JMS बिजनेस सेंटर में लगी भीषण आग, राहत और बचाव कार्य जारी!