हापुड़। दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य यात्री घायल हो गए। घायलों में दो महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के सोना कट के पास सीतापुर डिपो की एक रोडवेज बस खराब हो गई थी। बस में सवार यात्री दिल्ली और नोएडा की ओर जा रहे थे। बस खराब होने के बाद सभी यात्री सड़क किनारे खड़े होकर दूसरी बस का इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने यात्रियों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही थाना देहात और हाफिजपुर पुलिस मौके पर पहुंची तथा एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
हादसे में सीतापुर जिले के बरगामा गांव निवासी नायरा (5) और मीरा की मौत हो गई। दोनों के बीच बुआ-भतीजी का रिश्ता बताया जा रहा है। वहीं कांति, जयकरण, अरुणा अवस्थी, कंचन, दीप्ति और आंशिक घायल हुए हैं। घायलों में कांति और कंचन की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया है।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। फिलहाल मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि क्षेत्र में शोक का माहौल है।

More Stories
राम मंदिर चढ़ावा अनियमितता मामला: एसआईटी रिपोर्ट पर निर्णय का इंतजार, 24 जून को हाईकोर्ट में सुनवाई!
लखनऊ अग्निकांड: 15 लोगों की मौत, 4 अधिकारी निलंबित, 4 आरोपी गिरफ्तार!
उत्तराखंड के टिहरी में भीषण हादसा; खाई में वाहन गिरने से 8 लोगों की मौत, CM ने जताया दुख!