लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें 5 महिलाएं और 10 पुरुष शामिल हैं। मृतकों में अधिकांश 20 से 30 वर्ष आयु वर्ग के छात्र बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार आग दोपहर करीब 1:30 बजे एक बहुमंजिला व्यावसायिक इमारत में लगी। भवन के बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल पर पेट शॉप एवं क्लीनिक संचालित थे, जबकि दूसरे तल पर “लर्निंग स्पेस” नामक लाइब्रेरी एवं कोचिंग सेंटर तथा “हेड हॉपर स्टूडियो” संचालित था, जहां 3डी आर्ट प्रोडक्शन और गेम एसेट आउटसोर्सिंग का कार्य किया जाता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैलने के बाद कई छात्र दूसरे तल पर फंस गए। जान बचाने के लिए कुछ छात्रों ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया, जबकि जयंत नामक एक छात्र ने पहली मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। वहीं पांच अन्य लोगों ने बिजली और संचार तारों के सहारे नीचे उतरकर सुरक्षित बाहर निकलने का प्रयास किया।
घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देर रात उच्चस्तरीय बैठक कर मामले की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने दोषियों की पहचान और जवाबदेही तय करने के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने के निर्देश दिए हैं। एसआईटी में संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात और लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को शामिल किया गया है। जांच दल को सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। वहीं अलीगंज थाने में छह लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है, जिनमें से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।
प्रशासन का कहना है कि इमारत में अग्नि सुरक्षा मानकों और आपातकालीन निकासी व्यवस्थाओं की भी जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
अलीगंज अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में व्यावसायिक और शैक्षणिक संस्थानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा शुरू किए जाने की संभावना है।

More Stories
राम मंदिर चढ़ावा अनियमितता मामला: एसआईटी रिपोर्ट पर निर्णय का इंतजार, 24 जून को हाईकोर्ट में सुनवाई!
हापुड़ में दर्दनाक सड़क हादसा: बस का इंतजार कर रहे यात्रियों को ट्रक ने रौंदा, बच्ची समेत दो की मौत!
उत्तराखंड के टिहरी में भीषण हादसा; खाई में वाहन गिरने से 8 लोगों की मौत, CM ने जताया दुख!