मध्य प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत जून माह की 37वीं किस्त जारी कर दी गई है। मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने रविवार को सागर जिले के केसली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1500-1500 रुपये की राशि हस्तांतरित की।
राज्य सरकार द्वारा जारी इस किस्त के तहत प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में 1835 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि भेजी गई। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने देवरी विधानसभा क्षेत्र को विकास कार्यों की भी बड़ी सौगात दी। लगभग 190.85 करोड़ रुपये की लागत से 53 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। इनमें 28 कार्यों का भूमिपूजन और 25 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
पात्र महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण जानकारी
यदि किसी लाभार्थी महिला के खाते में अभी तक योजना की राशि नहीं पहुंची है, तो वह योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपने भुगतान की स्थिति की जांच कर सकती है। बैंक खाते, आधार लिंकिंग या ई-केवाईसी से जुड़ी त्रुटियों के कारण भुगतान में देरी हो सकती है।
कौन उठा सकता है योजना का लाभ?
लाड़ली बहना योजना का लाभ मध्य प्रदेश की स्थायी निवासी महिलाओं को दिया जाता है। इसके लिए परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से कम होना जरूरी है। साथ ही परिवार का कोई सदस्य सरकारी सेवा में नहीं होना चाहिए। योजना के तहत विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाएं पात्र हैं। आवेदन के समय महिला की आयु 21 से 60 वर्ष के बीच होना आवश्यक है।
प्रदेश सरकार का कहना है कि यह योजना महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

More Stories
अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर ग्रामीणों का हमला, पथराव में 6 वनकर्मी घायल
MP के नागौद राजघराने में खूनी खेल, दूसरी पत्नी ने पहली को मारी गोली!
कटनी के पास रीवा-भोपाल एक्सप्रेस में बड़ी वारदात, महिला यात्री का पर्स लेकर चलती ट्रेन से कूदा बदमाश!