ग्वालियर। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना से पहले युवक ने तीन वीडियो रिकॉर्ड कर हाउसिंग सोसाइटी के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किए, जिनमें उसने अपनी पारिवारिक परेशानियों और मानसिक तनाव का जिक्र किया है।
पुलिस के अनुसार मानपुर स्थित सरकारी मल्टी फेज-1 के एल-5 ब्लॉक में रहने वाले वेंकट शर्मा ने मंगलवार रात कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। जहर खाने से पहले उसने तीन वीडियो बनाकर सोसाइटी के व्हाट्सएप ग्रुप में भेज दिए। वीडियो देखने के बाद पड़ोसी तुरंत उसके फ्लैट पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस तथा स्थानीय लोगों की मदद से वेंकट को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उसकी जान बच गई।
वीडियो में वेंकट शर्मा ने अपनी पत्नी, सास, साले सहित आठ लोगों का नाम लेते हुए उन्हें अपनी मानसिक परेशानियों के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उसने आरोप लगाया कि पारिवारिक विवाद, बेटे से दूरी और लगातार मिल रहे दबाव के कारण वह मानसिक तनाव में था। साथ ही उसने कुछ अन्य लोगों पर भी धमकियां दिलाने के आरोप लगाए हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि वीडियो में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। युवक के स्वस्थ होने के बाद उसके विस्तृत बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।

More Stories
अदालती आदेश की अनदेखी पर हाईकोर्ट सख्त, दो IAS अधिकारियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट
टीकमगढ़ में पूर्व पार्षद को महिलाओं ने घेरा, मारपीट का VIDEO वायरल
जबलपुर में तेज रफ्तार डंपर ने महिला शिक्षक को कुचला, इलाज के दौरान मौत