V India News

Web News Channel

प्रेम संबंध में तनाव के बीच युवक ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी

इंदौर। शहर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंध से जुड़े तनाव को घटना की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार लोकनायक नगर स्थित 60 फीट रोड क्षेत्र में रहने वाले शुभम (19) ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह एक ऑनलाइन पार्सल डिलीवरी कंपनी में कार्यरत था और अपने बड़े भाई के साथ किराए के मकान में रहता था।

बुधवार सुबह मकान में रहने वाले एक अन्य किराएदार ने शुभम के कमरे का दरवाजा खुला देखा। अंदर जाने पर युवक का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला है कि शुभम का एक दूर की रिश्तेदार युवती से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि युवती उस पर विवाह के लिए दबाव बना रही थी, जबकि शुभम रिश्तेदारी का हवाला देकर इसके लिए तैयार नहीं था। घटना से पहले दोनों के बीच मोबाइल फोन पर लंबी बातचीत भी हुई थी।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मोबाइल कॉल डिटेल और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आत्महत्या के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।