मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के बरगी थाना क्षेत्र के सालीवाड़ा गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां नहर में नहाने और वीडियो बनाने के दौरान तीन किशोरियां तेज बहाव में बह गईं। करीब 6 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दो बच्चियों के शव बरामद कर लिए गए, जबकि एक की तलाश अब भी जारी है। एक अन्य लड़की को सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, जबलपुर मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर सालीवाड़ा गांव की नहर में चार लड़कियां नहाने गई थीं। बताया जा रहा है कि उनकी एक सहेली किनारे खड़ी होकर मोबाइल से वीडियो बना रही थी। इसी दौरान नहाते-नहाते चारों बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।
किनारे मौजूद सहेली ने हिम्मत दिखाते हुए एक बच्ची को बाहर निकाल लिया, लेकिन बाकी तीन तेज बहाव में बह गईं। आसपास मौजूद लोगों ने भी उन्हें बचाने की कोशिश की। एक महिला ने अपनी साड़ी का पल्लू फेंककर बच्चियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
लापता बच्चियों की पहचान 16 वर्षीय शीतल पटेल, 14 वर्षीय तनु पटेल और 14 वर्षीय सानिया पटेल के रूप में हुई है। इनमें से दो बच्चियां ग्राम कटिया घाट और एक सालीवाड़ा की रहने वाली थी। सभी बच्चियां गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थीं।
घटना की सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस, तहसीलदार और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। SDRF और SDERF की टीमों को भी बुलाया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए नहर में पानी का बहाव कम करने हेतु बरगी बांध से पानी बंद कराया गया।
स्थानीय गोताखोरों, ग्रामीणों और बचाव दल की मदद से घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। करीब 6 घंटे बाद दो बच्चियों के शव बरामद कर लिए गए, जबकि तीसरी बच्ची की तलाश देर शाम तक जारी रही।
थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चियां नहाने के बाद फोटो और वीडियो बना रही थीं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे के समय वे रील शूट कर रही थीं या नहीं। मामले की जांच जारी है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और एक बार फिर सोशल मीडिया के लिए जोखिम उठाने की प्रवृत्ति पर सवाल खड़े हो गए हैं।

More Stories
नई दुल्हन के लिए पहली पत्नी पर अत्याचार, सिर मुंडवाकर निर्वस्त्र वीडियो बनाया, फिर किया वायरल!
जबलपुर शादी से पहले खुला दुल्हन का राज, दूल्हे के परिवार ने …पढ़ें पूरी खबर
छतरपुर में 108 एंबुलेंस का दुरुपयोग, छात्रा को बैठाकर सायरन बजाते घूम रहा था चालक, नौकरी से बर्खास्त!