उज्जैन के युवा कलाकार गौरव महावर ने अपनी अद्भुत माइक्रो आर्ट से एक अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है. गौरव ने महज 2.5 सेंटीमीटर के छोटे-छोटे बादामों पर द्वादश ज्योतिर्लिंगों की “सनातन संहिता” को उकेरकर यह उपलब्धि हासिल की है. तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि गौरव ने 12 अलग-अलग बादामों पर देशभर के प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंगों जैसे काशी विश्वनाथ मंदिर, महाकालेश्वर मंदिर और सोमनाथ मंदिर सहित सभी ज्योतिर्लिंगों की आकृतियां बेहद बारीकी से उकेरी हैं.
इस कला को तैयार करने के लिए गौरव ने एक्रेलिक कलर और माइक्रोस्कोप का उपयोग किया. जहां इस काम के लिए उन्हें करीब डेढ़ घंटे का समय दिया गया था, वहीं उन्होंने इसे सिर्फ 39 मिनट में पूरा कर लिया. हर एक बादाम पर उन्होंने करीब 3 मिनट का समय देकर इतनी बारीक डिटेलिंग की, जो देखने वालों को हैरान कर रही है.
गौरव की इस उपलब्धि को इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और वर्ल्ड वाइड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में मान्यता मिल चुकी है, जबकि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए प्रक्रिया अभी जारी है. खास बात यह है कि गौरव एक साधारण परिवार से आते हैं. उनके पिता ऑटो रिक्शा चालक हैं, और वे खुद अभी पढ़ाई कर रहे हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद गौरव ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से यह साबित कर दिया कि अगर जुनून हो तो बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं. गौरव इससे पहले भी कई चर्चित हस्तियों के स्केच बना चुके हैं और कुछ मामलों में अपराधियों के स्केच तैयार कर पुलिस की मदद भी कर चुके हैं.

More Stories
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री पारस जैन का निधन, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दी श्रद्धांजलि!
सावन के प्रथम सोमवार पर शिवमय हुआ मध्यप्रदेश, बाबा महाकाल की भव्य सवारी में उमड़ा आस्था का सैलाब!
महामंडलेश्वर ज्ञानदास पर दुष्कर्म सहित गंभीर आरोप, एफआईआर दर्ज; पुलिस जांच में जुटी!