प्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क से सोमवार को फिर खुशखबरी आई। यहां मादा चीता ज्वाला तीसरी बार शावकों को जन्म दिया है। इस बार उसने पांच शावकों को जन्मा है। इसके साथ ही देश में चीतों की संख्या अर्धशतक के आंकड़े को पार करते हुए 53 पर पहुंच गई है।
नामीबिया से लाई गई ज्वाला
बता दें कि भारत में प्रोजेक्ट चीता के तहत अफ्रीकी देश नामीबिया से लाकर सितंबर 2022 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कूनो नेशनल पार्क में छोड़े गए आठ चीतों में मादा चीता ज्वाला भी शामिल थी। उस समय उसका नाम सियाया था, जिसे बाद में ज्वाला नाम दिया गया।
मादा चीता ज्वाला ने 5 स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। जिनकी किलकारी से कूनो का जंगल गूंज उठा है। चीता ज्वाला के मां बनने से गांधी सागर समेत देश में अब चीतों की संख्या 53 हो गई है। इधर, कूनो में एक बार फिर चीतों का कुनबा बढ़ने पर सीएम मोहन ने खुशी जताई है।
ज्वाला सबसे सफल मादा चीताओं में शुमार
मादा चीता ज्वाला के तीसरी बार मां बनाने पर सीएम मोहन ने प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि कूनो आने के बाद ज्वाला ने यहां के वातावरण को पूरी तरह अपना लिया है और वह पार्क की सबसे सफल मादा चीताओं में शुमार हो गई है।
भारतीय धरती पर चीतों के 10 सफल प्रसव
इधर, कूनो से आई खुशखबरी पर केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया में लिखा कि नामीबिया से लाई गई मादा चीता ‘ज्वाला’ ने कुनो राष्ट्रीय उद्यान में पांच शावकों को जन्म दिया है। ज्वाला तीसरी बार मां बनी है। इन शावकों के जन्म के साथ भारत में जन्मे स्वस्थ शावकों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। यह भारतीय धरती पर चीतों के 10वें सफल प्रसव का प्रतीक है।
मार्च 2023, जनवरी 2024, 9 मार्च 2026 का दिन खास
गौरतलब है कि मादा चीता ज्वाला मूल रूप से अफ्रीकी देश नामीबिया से लाई गई थी। जिन्हे सितंबर 2022 को पीएम मोदी ने कूनो में छोड़ा था। इसके बाद ज्वाला ने पहली बार मार्च 2023 में 4 शावकों को जन्म दिया था। जिसमे से सिर्फ एक शावक ही जीवित बच पाया था। इसके बाद जनवरी 2024 में 3 शावकों को जन्म दिया। और फिर 9 मार्च 2026 को 5 शावकों को जन्म दिया।
विशेषज्ञों की टीम की कड़ी नजर पर सभी
इधर, मादा चीता और उनके पांचों नवजात शावको की जानकारी देते हुए वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि सभी पूरी तरह से स्वस्थ हैं। विशेषज्ञों की टीम इन पर कड़ी नजर रखे हुए है। सीसीटीवी और मैदानी निगरानी के माध्यम से शावकों की सुरक्षा की जा रही है और उनके स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा जा रहा है।

More Stories
बीजेपी नेता के बेटे पर FIR, दुष्कर्म का VIDEO बनाकर करता रहा ब्लैकमेल
खाई के किनारे बैठकर पी शराब, उठते समय पैर फिसलने से गिरे दो युवकों की मौत!
बालाघाट में बुजुर्ग महिला ने की खुदकुशी, LIVE वीडियो आया सामने!