खंडवा: वाराणसी से मुंबई जाने वाली महानगरी एक्सप्रेस से चौंकाने वाला सामने आया है. ट्रेन जब खंडवा पहुंची तो इसमें चार यात्री बेहोशी की हालत में पाए गए. GRP ने घटना के पीछे जहरखुरानी गिरोह का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है. यात्रियों को नशीला पदार्थ दिया गया था. इसके बाद सभी बेहोश हो गए.
पता चला कि ट्रेन में किसी ने यात्रियों को फ्रूटी ऑफर की. फ्रूटी पीते ही चारों यात्री बेहोश हो गए. इस दौरान उनके साथ चोरी की वारदात को भी अंजाम दिया गया. जैसे ही ट्रेन खंडवा स्टेशन पर पहुंची, जीआरपी और आरपीएफ ने चारों यात्रियों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत स्थिर है, लेकिन उन्हें अभी निगरानी में रखा गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो ट्रेन के खंडवा पहुंचने से पहले यह घटना घट गई थी. आसपास बैठे यात्रियों को लगा कि चारों पीड़ित यात्री सो रहे हैं. लेकिन, कुछ देर बाद शरीर में कोई हरकत नहीं होने पर लोगों को शक हुआ. जब पास जाकर देखा तो चारों बेहोश थे. तभी यात्रियों ने आरपीएफ को जानकारी दी. जिसके बाद ट्रेन के खंडवा पहुंचने पर यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया.
रेलवे पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है. यात्रियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं. शुरुआती जांच में सामने आया कि जहरखुरानी गिरोह के सदस्य भी ट्रेन में सवार थे, जिन्होंने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल है. रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान किसी अजनबी से खाने-पीने की चीज़ें न लें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना दें.

More Stories
नाबालिग की हत्या के आरोपी का जमानत पर बाहर आते ही शक्ति प्रदर्शन, बोलेरो के बोनट पर बैठकर निकाली रैली
मध्य प्रदेश में दर्दनाक रेल हादसा: एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से लोको पायलट की मौत
जबलपुर IIITDM के हॉस्टल में छात्रा ने की आत्महत्या, तेलंगाना की रहने वाली थी 20 वर्षीय वैष्णवी