मध्यप्रदेश के उज्जैन में पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात से सनसनी फैल गई। तराना थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 52 पर स्थित बरंडवा जोड़ के पास जियो पेट्रोल पंप पर रात करीब 11.40 बजे लूट की बड़ी वारदात हुई। करीब आठ अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर धावा बोलते हुए स्टाफ को बंधक बना लिया और पंप संचालक से मारपीट कर नकदी, सोने की चेन और अंगूठी लूट ली।
हादसे का शिकार पंप कर्मचारियों के अनुसार करीब 8 अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर अचानक से हमला बोलते हुए पंप स्टाफ को बंधक बना लिया। यही नहीं, बदमाशों ने पंप संचालक के साथ पहले तो जमकर मारपीट की, फिर नकदी, सोने की चेन और अंगूठी लूटकर फरार हो गए।
मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित पेट्रोल पंप संचालक अखिलेश मंडलोई का कहना है कि वो रोजाना की तरह रात के समय पंप का निरीक्षण करने पहुंचे थे, तभी देखा कि स्टाफ गायब था। पास जाकर देखा तो बदमाशों ने सभी कर्मचारियों को हथियार की नोक पर बंधक बनाया हुआ था। जैसे ही उन्होंने छुड़ाने का प्रयास किया, बदमाशों ने उन्हें भी पकड़ लिया। इस दौरान उनके साथ जमकर मारपीट की गई और कमरे में बंद कर बाहर से ताला डाल दिया।
इसके बाद बदमाशों ने पंप से करीब 50 हजार नगद, सोने-चांदी के गहने और अन्य कीमती सामान लूटकर पैदल ही फरार हो गए। जाते-जाते वे सीसीटीवी रिकॉर्डिंग डिवाइस भी अपने साथ ले गए, ताकि की उनकी पहचान न की जा सके। बाद में कर्मचारी ताला तोड़कर बाहर निकले और पुलिस को सूचना दी। मौके पर तराना थाना पुलिस, एसडीओपी भविष्य भास्कर और मक्सी थाना टीआई भीम सिंह पटेल पहुंचे और जांच शुरु की। घायल संचालक अखिलेश मंडलोई को इलाज के लिए शाजापुर ले जाया गया है।

More Stories
उज्जैन में लव जिहाद! होटल से हिंदू युवती के साथ पकड़ा गया पश्चिम बंगाल का जमाल
उज्जैन; निगम कर्मचारी ने अभ्रदता की तो धरने पर बैठे पार्षद, जानें क्या है मामला?
उज्जैन में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत; कुत्ते को बचाने में एक्टिवा का संतुलन बिगड़ा, पीछे से आ रही गाड़ी ने मारी टक्कर!