V India News

Web News Channel

बजरंगबली का महाकालेश्वर मंदिर से है गहरा नाता; हनुमान जयंती पर भगवान महाकाल का अंजनी पुत्र स्वरूप श्रृंगार!

प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में आज भगवान महाकाल का हनुमान स्वरूप में श्रृंगार किया गया। वर्ष में एक बार ऐसा अद्भुत श्रृंगार देखने को मिलता है। महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी बताते हैं कि हनुमान का महाकालेश्वर मंदिर से संबंध रहा है। वे जब उज्जैन से गुजरे तो उनके लोटे का भार अधिक बढ़ गया था, जिसके बाद उन्होंने यहां रुक कर भगवान महाकाल के दर्शन किए और इसके बाद वे कोटि तीर्थ जल से भगवान श्रीराम का अभिषेक करने के लिए रवाना हुए।

हुनमान जयंती पर मंगलवार तड़के भस्म आरती के दौरान चार बजे मंदिर के कपाट खोले गए। जल से भगवान महाकाल का अभिषेक करने के पश्चात दूध, दही, घी, शक्कर, शहद, फलों के रस से बने पंचामृत से पूजन किया गया। भांग, चंदन, सूखे मेवों और आभूषणों से बाबा महाकाल का हनुमान जी के स्वरूप श्रृंगार किया गया।

इस दौरान भगवान महाकाल को त्रिशूल और चंद्र अर्पित कर भस्म चढ़ाई गई। शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला के साथ सुगंधित पुष्प से बनी माला धारण की। फल और मिष्ठान का भोग लगाया।

भस्म आरती में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। महा निर्वाणी अखाड़े की और से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई। मान्यता है कि भस्म अर्पित करने के बाद भगवान निराकार से साकार रूप में दर्शन देते हैं।