उज्जैन। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 61.50 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) आलोक शर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक पुष्पा प्रजापत के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक अवैध मादक पदार्थ लेकर मंगलनाथ रोड से अंगारेश्वर मंदिर जाने वाले मार्ग की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही चिमनगंज मंडी थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी और नाकाबंदी की। कुछ देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये का युवक वहां पहुंचा, जिसे पुलिस ने रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उसकी पहचान अशफाक उर्फ कटोरी (19), निवासी गली नंबर 09, राज रॉयल कॉलोनी, उज्जैन के रूप में हुई।
प्लास्टिक की पन्नी में मिला सफेद पाउडर
पुलिस ने विधिवत तलाशी ली तो आरोपी के कब्जे से पारदर्शी प्लास्टिक की पन्नी में सफेद रंग का पाउडरनुमा पदार्थ मिला। पुलिस के मुताबिक जांच और तौल के बाद पदार्थ का वजन 61.50 ग्राम पाया गया। पुलिस ने इसे एमडी ड्रग्स बताया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने बरामद पदार्थ को जब्त कर नियमानुसार सीलबंद किया और मालखाने में जमा कराया। आरोपी के खिलाफ धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास ड्रग्स कहां से आई और वह इसे किसे सप्लाई करने वाला था। मामले में आगे की जांच जारी है।

More Stories
नियमित टीकाकरण में उज्जैन प्रदेश में दूसरे स्थान पर, जिले का कवरेज 109 प्रतिशत
₹200 में उज्जैन दर्शन: 15 धार्मिक स्थलों को जोड़ेगी ई-बस सेवा, CM मोहन यादव ने 10 बसों को दिखाई हरी झंडी
उज्जैन में शाही मस्जिद को लेकर विवाद, हाईकोर्ट की डबल बेंच में आज सुनवाई!