V India News

Web News Channel

उज्जैन में शाही मस्जिद को लेकर विवाद, हाईकोर्ट की डबल बेंच में आज सुनवाई!

उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत शहर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण अभियान को लेकर गोपाल मंदिर स्थित ऐतिहासिक शाही मस्जिद का मामला चर्चा में है। प्रशासन की ओर से मस्जिद को प्रस्तावित चौड़ीकरण की जद में बताए जाने और नोटिस दिए जाने के बाद मुस्लिम समाज ने इसका विरोध किया है। मामले को लेकर अब इंदौर हाईकोर्ट की युगलपीठ में सोमवार को सुनवाई होगी। इसी सुनवाई पर आगे की कानूनी स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

मुस्लिम समाज की ओर से पहले इस मामले में हाईकोर्ट की एकलपीठ में याचिका दायर की गई थी। करीब 17 दिन पहले एकलपीठ ने याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद इस फैसले को चुनौती देते हुए युगलपीठ में अपील दायर की गई है। सोमवार की सुनवाई को देखते हुए प्रशासन और पुलिस भी सतर्क है।

अफवाह के बाद मस्जिद के बाहर जुटी भीड़

शनिवार रात सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से यह अफवाह फैल गई कि प्रशासन शाही मस्जिद को तोड़ने की कार्रवाई करने जा रहा है। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मस्जिद के बाहर पहुंच गए और विरोध जताया। रविवार को भी मस्जिद के आसपास लोगों की आवाजाही और भीड़ बनी रही। प्रशासन और पुलिस की ओर से लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की गई।

इमाम ने की धार्मिक स्थल को चौड़ीकरण से बाहर रखने की मांग

शाही मस्जिद के इमाम मोहम्मद इब्राहिम ने मस्जिद को ऐतिहासिक धरोहर बताते हुए प्रशासन से इसे चौड़ीकरण की कार्रवाई से बाहर रखने की मांग की। उनका कहना है कि मस्जिद काफी पुरानी है और इसका ढांचा संवेदनशील स्थिति में है। उन्होंने प्रशासन को हर संभव सहयोग देने की बात भी कही।

संवेदनशील इलाकों में 600 से ज्यादा जवानों का फ्लैग मार्च

मामले को देखते हुए उज्जैन पुलिस ने रविवार को शहर के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया। महाकाल, कोतवाली, खाराकुआ और जीवाजीगंज क्षेत्रों में जिला पुलिस, रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और STF के 600 से ज्यादा जवानों ने पैदल मार्च किया। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

पुलिस के अनुसार धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।

हाईकोर्ट की सुनवाई पर टिकी नजर

फिलहाल शाही मस्जिद से जुड़ा विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। सोमवार को इंदौर हाईकोर्ट की युगलपीठ में होने वाली सुनवाई के बाद मामले की अगली दिशा स्पष्ट होगी। ऐसे में प्रशासन, मुस्लिम समाज और स्थानीय लोगों की नजर अदालत की कार्यवाही पर टिकी हुई है।