ग्वालियर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में भव्य राज्य स्तरीय बलराम जयंती महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार वर्ष 2026 को भगवान बलराम के नाम पर ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मना रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष के तहत कृषि विभाग और कृषि वैज्ञानिकों के साथ मिलकर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य किसानों की आय, उत्पादन और सुविधाओं में बढ़ोतरी करना है। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण वर्ष में प्रदेश सरकार 16 विभागों को साथ लेकर किसानों की उन्नति और विकास के लिए काम कर रही है।
ग्वालियर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालियर में भगवान बलराम की जयंती मनाना गौरव का विषय है और सभी के सहयोग से यह भव्य आयोजन संभव हुआ है।
दिन में 10 घंटे बिजली देने का ऐलान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों को बड़ी सौगात देते हुए कहा कि आने वाले समय में किसानों को दिन के समय 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार किसानों को महज 5 रुपये में बिजली कनेक्शन उपलब्ध करा रही है और प्रदेश देश में सबसे सस्ती बिजली उपलब्ध कराने वाली सरकारों में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार के मिलकर काम करने की बात कही। उन्होंने विश्वास जताया कि किसान कल्याण वर्ष समाप्त होने तक किसानों को कई और महत्वपूर्ण सौगातें दी जाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान किसान क्रेडिट कार्ड पोर्टल तथा 200 नवीन प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) के कार्यालयों का शुभारंभ भी किया गया। सरकार के अनुसार, इन पहलों से किसानों तक किसान हितैषी योजनाओं की पहुंच बढ़ेगी और प्रदेश में सहकारिता व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।

More Stories
रीवा में बस और बल्कर की भीषण टक्कर, 5 की मौत; 20 घायल, CM ने मुआवजे का किया ऐलान
रील के चक्कर में कार पर 3400 किस, 55 लाख व्यूज के बाद 5500 का चालान
1.20 लाख की रिश्वत का आरोप, तत्कालीन क्राइम ब्रांच टीआई समेत चार पर केस!