उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत बनाई जा रही 80 फीट चौड़ी नई सड़क का विवाद अब मंगलनाथ रोड स्थित आसाराम आश्रम तक पहुंच गया है। आगर रोड को सांदीपनि आश्रम होते हुए भैरूगढ़ रोड से जोड़ने के लिए उज्जैन विकास प्राधिकरण (UDA) द्वारा तैयार की गई रोड क्रमांक-34 (ग्राम भीतरी) की जद में आश्रम की जमीन भी आ रही है।
प्रशासन ने आश्रम की कुल 0.1780 हेक्टेयर जमीन में से 0.0240 हेक्टेयर जमीन लेने का प्रस्ताव दिया है। जिस हिस्से की जरूरत बताई गई है, वहां आश्रम का मुख्य गेट, आसाराम बापू की कुटिया, मनोकामना सिद्ध वटवृक्ष और मंदिर स्थित है। प्रशासन की ओर से जमीन पर निशान भी लगाए जा चुके हैं।
हस्ताक्षर अभियान चलाकर जताया विरोध
जमीन लिए जाने के विरोध में आश्रम प्रबंधन ने मोर्चा खोल दिया है। आश्रम के स्थानीय संचालक शिवाय सोनटक्के के मुताबिक प्रशासन की ओर से मिला पत्र आश्रम प्रबंधन ने अस्वीकार कर दिया है। विरोध स्वरूप आश्रम की ओर से हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। संस्कृति व सभ्यता अभियान से जुड़े बच्चों और 500 से अधिक अनुयायियों के हस्ताक्षर कराकर प्रशासन के सामने आपत्ति दर्ज कराई गई।
संचालक का कहना है कि जमीन संत श्री आसाराम गुरुकुल श्री चैतन्य सेवा समिति के नाम पर दर्ज है और यह धार्मिक स्थल है। यहां नियमित रूप से जप-अनुष्ठान होते हैं। उनका कहना है कि आश्रम किसी भी स्थिति में जमीन देने के लिए तैयार नहीं है। जरूरत पड़ने पर समिति कानूनी लड़ाई भी लड़ेगी। प्रबंधन ने जमीन से संबंधित रजिस्ट्री, पावती समेत अन्य दस्तावेज उपलब्ध होने की बात कही है।
5.76 लाख रुपये का मुआवजा भी ठुकराया
प्रशासन ने 17 जुलाई को आश्रम समिति को पत्र भेजकर जमीन के बदले 5 लाख 76 हजार रुपये मुआवजा देने का प्रस्ताव रखा था। आश्रम प्रबंधन ने इस राशि को अव्यावहारिक बताते हुए प्रस्ताव ठुकरा दिया है।
सिंहस्थ से पहले सड़क को लेकर बढ़ी चुनौती
UDA की योजना फाइनल हो चुकी है और प्रशासन ने संबंधित जमीन को आगामी अनिवार्यता श्रेणी में लेकर अधिग्रहण की कार्रवाई शुरू कर दी है। राजस्व अमला भी प्रक्रिया में सक्रिय है। प्रस्तावित सड़क बनने के बाद आगर रोड से सांदीपनि आश्रम और मंगलनाथ क्षेत्र तक पहुंचने के लिए भर्तृहरि नाका-खाकचौक के रास्ते लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इससे सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, आश्रम प्रबंधन के जमीन देने से इनकार और कानूनी लड़ाई की चेतावनी के बाद रोड क्रमांक-34 की राह में नया विवाद खड़ा हो गया है।

More Stories
घर के बाहर साइकिल चला रहे 10 साल के सौरभ को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंदा, मौके पर मौत
15 साल पुराने आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ा फैसला, पूर्व परिवहन निरीक्षक को 4 साल की सजा
जय श्री महाकाल के जयघोष से गूंजा उज्जैन, पांच स्वरूपों में निकले बाबा महाकाल