उज्जैन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को उज्जैन में भाजपा द्वारा विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन कर उसका अवलोकन किया।
प्रदर्शनी में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में हुए विकास कार्यों, आधारभूत संरचना के विस्तार तथा आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने वाली विभिन्न योजनाओं को प्रदर्शित किया गया।
अंत्योदय के लक्ष्य पर काम कर रही सरकार
सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत को आधार बनाकर कार्य कर रही हैं। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को आवास, शुद्ध पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
अपने संबोधन में देवड़ा ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद पूर्ववर्ती सरकारें गरीबों की मूलभूत जरूरतों को पूरा नहीं कर सकीं। उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी नहीं थी, बल्कि इच्छाशक्ति का अभाव था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योजनाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है और पारदर्शिता के साथ विकास कार्य किए जा रहे हैं।
योजनाओं का किया उल्लेख
उपमुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जनधन योजना, मुद्रा योजना और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।
2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
देवड़ा ने कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। इस दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब इसमें जनभागीदारी सुनिश्चित होगी और प्रत्येक नागरिक राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएगा।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद संत उमेशनाथ महाराज, भाजपा संसदीय बोर्ड सदस्य डॉ. सत्यनारायण जटिया, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय अग्रवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति कलावती यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

More Stories
सोमवती अमावस्या: उज्जैन में रामघाट और सोमकुंड पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़!
उज्जैन में खुला मध्य प्रदेश का पहला साइंस सेंटर, विज्ञान और अंतरिक्ष की दुनिया से रूबरू हो रहे बच्चे!
उज्जैन में मौत को दावत! चलती कार की छत पर लेटा युवक, वीडियो वायरल!