V India News

Web News Channel

शादी के ढाई महीने बाद युवक ने की आत्महत्या, पत्नी से विवाद के बाद उठाया!

Madhya Pradesh के Jabalpur जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां शादी के महज ढाई महीने बाद एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि पति-पत्नी के बीच लगातार चल रहे विवाद और मानसिक तनाव के कारण युवक ने यह कदम उठाया।

जानकारी के अनुसार, चरगवां थाना क्षेत्र के बरखेड़ा गांव निवासी 23 वर्षीय विकास झारिया की शादी 10 मार्च को नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव कुमझोर निवासी राधा झारिया से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। परिवार का कहना है कि विकास ने पत्नी को किसी अन्य युवक से मोबाइल पर बात करते और फोटो देखते हुए पकड़ लिया था, जिसके बाद घर में तनाव बढ़ने लगा।

परिजनों के मुताबिक, पत्नी अक्सर नाराज होकर मायके चली जाती थी, जिससे विकास मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। घटना वाली रात भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। मृतक के पिता भाईलाल झारिया ने बताया कि देर रात पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। कुछ देर बाद बहू नीचे आकर रोने लगी और विकास भी भावुक होकर फूट-फूट कर रोने लगा। परिवार ने दोनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद सास ने बहू को अपने पास सुला लिया, जबकि विकास ऊपर कमरे में सोने चला गया।

परिवार का आरोप है कि कुछ दिन पहले विकास ने पत्नी को किसी युवक से बात करते देख उसका मोबाइल तोड़ दिया था। घटना वाले दिन विवाद के दौरान पत्नी ने विकास को थप्पड़ भी मार दिया था। परिजनों का कहना है कि इसी अपमान और मानसिक तनाव से आहत होकर उसने आत्महत्या कर ली।

अगली सुबह जब विकास काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला तो पिता उसे जगाने पहुंचे। कमरे का दरवाजा खोलते ही परिवार के होश उड़ गए। विकास का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया।

मामले की जानकारी मिलने पर चरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी Sarojni Toppo Chaukse ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं, मृतक के परिजनों ने बहू के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।