V India News

Web News Channel

नारी शक्ति वंदन: भोपाल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम कल, महिलाओं को सम्मान, सीएम यादव भी होंगे शामिल

मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ की मूल भावना को धरातल पर उतारने के लिए एक बड़े अभियान की शुरुआत कर चुकी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि महिलाओं की राजनीतिक सहभागिता और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों को नई ऊंचाइयां देने के लिए 15 अप्रैल को राजधानी के रवीन्द्र भवन में राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा: 10 से 25 अप्रैल तक उत्सव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारित ऐतिहासिक ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में 10 से 25 अप्रैल तक “नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा” मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार, 15 अप्रैल को शाम 4 बजे रवीन्द्र भवन में भव्य समारोह होगा। कार्यक्रम के दौरान “महिला नेतृत्व की यात्रा” विषय पर एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जो प्राचीन काल से लेकर आधुनिक भारत तक महिलाओं के गौरवशाली इतिहास को दर्शाएगी।

नीति-निर्माण में बढ़ेगी महिलाओं की भूमिका

मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस समारोह में शामिल होकर प्रदेश की महिलाओं को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री का कहना है कि सरकार का मुख्य उद्देश्य केवल कानून बनाना नहीं, बल्कि शासन व्यवस्था और नीति-निर्माण (Policy Making) की प्रक्रियाओं में महिलाओं की प्रत्यक्ष भागीदारी को सुदृढ़ करना है। सरकार चाहती है कि मध्यप्रदेश की लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं की आवाज अधिक मुखर और प्रभावशाली हो।

जमीन से लेकर शिखर तक का प्रतिनिधित्व

इस गरिमामयी समारोह में समाज के हर वर्ग की सफल महिलाओं को आमंत्रित किया गया है:

  • विशिष्ट अतिथि: पद्मश्री से सम्मानित विभूतियां, प्रख्यात महिला चिकित्सक, वकील, कलाकार और इंजीनियर।

  • मैदानी शक्ति: लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी, स्व-सहायता समूहों की सदस्य, और मैदानी स्तर पर कार्य करने वाली पर्यवेक्षक व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता।

  • मंत्रिमंडल की उपस्थिति: कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, श्रीमती संपतिया उइके, श्रीमती कृष्णा गौर, श्रीमती प्रतिभा बागरी और श्रीमती राधा सिंह सहित वरिष्ठ शिक्षाविद सुश्री शोभा पेठणकर मौजूद रहेंगी।

गाँव-गाँव तक पहुँचेगी सामाजिक चेतना

इस अभियान का दायरा केवल शहरों तक सीमित नहीं है। डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया है। इसके अलावा, प्रत्येक विधानसभा और लोकसभा क्षेत्र में ‘नारी शक्ति पदयात्रा’ निकाली जा रही है। शिक्षण संस्थानों में ‘युवा संवाद’ के जरिए नई पीढ़ी को इस सामाजिक बदलाव और महिला अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।