डबरा के पीछोर क्षेत्र के बारकरी जिगनिया गांव में एचपीवी वैक्सीन लगाए जाने के बाद पांच किशोरियों की हालत बिगड़ने का मामला सामने आया है। परिजनों ने बच्चियों को तुरंत सिविल अस्पताल डबरा में भर्ती कराया, जहां इलाज के बाद सभी बच्चियां की हालत स्थिर बताई जा रही है।
लगाई गई थी निशुल्क HPV Vaccine
बताया जा रहा है कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से 14 वर्ष से अधिक उम्र की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए HPV Vaccine निशुल्क लगाया जा रहा है। इसके लिए आंगनवाड़ी केंद्रों और सरकारी अस्पतालों में कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत बारकरी जिगनिया गांव की कुछ बच्चियों को भी वैक्सीन लगाई गई थी।
बिना अनुमति लगाया टीका
परिजनों का आरोप है कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने पहले सूचना दिए बिना ही बच्चियों को टीका लगा दिया। बच्चियों ने घर पहुंचकर बताया कि उन्हें वैक्सीन लगाई गई है, जिसके बाद उन्हें घबराहट महसूस होने लगी। मंगलवार को अचानक उल्टी और चक्कर की शिकायत होने पर परिजन उन्हें डबरा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे।
इलाज के बाद बच्चियां स्वस्थ
अस्पताल में अंजलि, पूनम, रजनी, भारती और रेखा नाम की पांचों किशोरियों को भर्ती कर डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। जिसके बाद उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप
बारकरी जिगनिया निवासी कैलाश बाथम और भूरी बाई सहित अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने बच्चियों को पैसे और शादी में मदद का आश्वासन देकर एक फॉर्म पर हस्ताक्षर करवाए और उन्हें अपने साथ ले जाकर टीकाकरण कराया।
प्रदेश में जारी टीकाकरण अभियान
आपको बता दें कि मध्यप्रदेश में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14 से 15 वर्ष की किशोरियों के लिए मुफ्त एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत करीब 8 लाख किशोरियों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है। टीकाकरण सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों, उप-स्वास्थ्य केंद्रों, आरोग्य मंदिरों और आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से किया जा रहा है।

More Stories
बच्ची से रेप-हत्या के दोषी की फांसी पर रोक, 3 धाराओं में मिली थी मौत की सजा!
बीजेपी नेता के बेटे पर FIR, दुष्कर्म का VIDEO बनाकर करता रहा ब्लैकमेल
खाई के किनारे बैठकर पी शराब, उठते समय पैर फिसलने से गिरे दो युवकों की मौत!