मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के पिपरिया से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी एक कार से दो सगे भाइयों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान 13 वर्षीय समर्थ और 11 वर्षीय शिवाय के रूप में हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों बच्चों के पिता अजय धाकड़ की भी रविवार दोपहर ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। एक ही परिवार में हुई इन घटनाओं ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अजय धाकड़ मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली के रहने वाले थे। वह अपने दोनों बेटों के साथ पिपरिया आए थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने परिजनों को फिल्म देखने जाने की बात कही थी। इसके बाद वह बच्चों के साथ पिपरिया पहुंचे और अपनी कार रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी कर दी।
पिता की मौत के बाद कार में मिले बच्चों के शव
रविवार दोपहर अजय धाकड़ की ट्रेन से कटकर मौत होने की सूचना सामने आई। इसके बाद परिजन रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी उनकी कार तक पहुंचे। कार के अंदर दोनों बच्चों के शव देखकर परिजन स्तब्ध रह गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
बच्चों की गर्दन पर मिले निशान
पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों बच्चों की गर्दन पर निशान मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, उनकी मौत किस परिस्थिति में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहा, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बच्चों की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
सीसीटीवी फुटेज की भी जांच
रेलवे स्टेशन की पार्किंग में कार खड़ी किए जाने से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में एक व्यक्ति कार से पहुंचकर उसे पार्किंग में खड़ा करता और फिर स्टेशन की ओर जाता दिखाई देता है। पुलिस इस फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा सकें।
फिलहाल पिता की मौत और दोनों बच्चों के शव मिलने के बीच संबंध को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम और मौतों के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

More Stories
रतलाम में युवक को मारी गोली, लव मैरिज के बाद पारिवारिक विवाद का एंगल आया सामने
भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर दो महीने तक धरना-प्रदर्शन पर रोक, पुलिस कमिश्नरेट का आदेश जारी!
नयागांव RTO बैरियर पर बवाल: ट्रक चालकों ने चेकिंग नाके में लगाई आग, 4 KM लंबा जाम