नीमच/नयागांव। मध्य प्रदेश और राजस्थान की सीमा पर स्थित नयागांव आरटीओ बैरियर पर सोमवार शाम उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब चेकिंग के दौरान एक ट्रक चालक और उसकी पत्नी के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया। घटना से नाराज ट्रक चालकों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया और बैरियर परिसर में बने आरटीओ चेकिंग नाके में आग लगा दी। हंगामे के कारण नीमच-महू मार्ग पर यातायात बाधित हो गया।
4 किलोमीटर तक लगी वाहनों की कतारें
चक्काजाम और आगजनी के चलते हाईवे पर करीब चार घंटे से अधिक समय तक आवागमन प्रभावित रहा। नयागांव से जलिया चेकपोस्ट के आगे तक लगभग चार किलोमीटर लंबी वाहनों की कतारें लग गईं। जाम में ट्रक, बसें, छोटे वाहन और दूर-दराज से आने वाले यात्री फंसे रहे। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मारपीट के आरोप के बाद एकजुट हुए ट्रक चालक
ट्रक चालकों के अनुसार, आरटीओ बैरियर पर चेकिंग के दौरान एक ट्रक चालक और उसकी पत्नी का कर्मचारियों से विवाद हुआ था। चालकों ने आरोप लगाया कि दोनों के साथ मारपीट की गई। इसकी जानकारी फैलते ही हाईवे से गुजर रहे अन्य ट्रक चालक भी एकजुट हो गए। उन्होंने कथित मनमानी और अवैध वसूली के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी दौरान बैरियर परिसर में बने चेकिंग नाके में आग लगा दी गई।
पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी चालकों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। कई घंटे की समझाइश और पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराने के आश्वासन के बाद चालकों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और यातायात बहाल कराया गया।
नीमच की एएसपी हेमलता अग्रवाल ने बताया कि नयागांव आरटीओ बैरियर पर ट्रक चालक और उसकी पत्नी के साथ कर्मचारियों द्वारा मारपीट की बात सामने आई थी। इसी के विरोध में ट्रक चालकों ने जाम लगाया। पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

More Stories
रतलाम में युवक को मारी गोली, लव मैरिज के बाद पारिवारिक विवाद का एंगल आया सामने
भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर दो महीने तक धरना-प्रदर्शन पर रोक, पुलिस कमिश्नरेट का आदेश जारी!
नर्मदापुरम में मासूम भाइयों की मौत से सनसनी, रेलवे स्टेशन की पार्किंग में कार से मिले शव; पिता की भी ट्रेन से कटकर गई जान