V India News

Web News Channel

नवरात्रि की प्रतिपदा पर भांग से सजे बाबा महाकाल, भस्म आरती में गूंजा जय श्री महाकाल

उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में रविवार सुबह चार बजे हुई भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल का विशेष पूजन-अभिषेक कर मनमोहक श्रृंगार किया गया। शारदीय नवरात्रि की प्रतिपदा के अवसर पर भगवान महाकाल को भांग अर्पित कर आकर्षक स्वरूप में सजाया गया। बाबा के दिव्य दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर जय श्री महाकाल के उद्घोष से गूंज उठा।

मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि अश्विन शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा पर बाबा महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। रविवार सुबह चार बजे मंदिर के पट खुलने के बाद पुजारी और पुरोहितों ने गर्भगृह में स्थापित सभी प्रतिमाओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया गया और दूध, दही, घी, शक्कर तथा फलों के रस से तैयार पंचामृत से अभिषेक संपन्न हुआ।

पूजन के बाद प्रथम घंटाल बजाकर हरिओम जल अर्पित किया गया। कपूर आरती के पश्चात बाबा महाकाल को चांदी का मुकुट और मुंडमाला धारण कराई गई। नवरात्रि की प्रतिपदा पर भगवान का भांग से विशेष श्रृंगार किया गया। इसके साथ ही चांदी का त्रिपुंड, चंद्रमा, बेलपत्र और मुंडमाला से बाबा का दिव्य स्वरूप सजाया गया।

भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने बाबा महाकाल के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की और भक्ति भाव से जय श्री महाकाल का उद्घोष किया। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भस्म अर्पित होने के बाद भगवान महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन का विशेष महत्व है। नवरात्रि के पहले दिन मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला।