उज्जैन। उज्जैन-जावरा स्टेट हाईवे पर उन्हेल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार एंबुलेंस ने आगे चल रही दो अर्टिगा कारों को टक्कर मार दी। हादसा नागझिरी-नागदा रोड पर सांई कृपा ढाबे के पास हुआ। टक्कर के बाद एंबुलेंस सड़क से नीचे उतर गई, जबकि दोनों कारों को भी काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद एंबुलेंस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
उन्हेल पुलिस के अनुसार, नागदा की दयानंद कॉलोनी निवासी दीपक चौहान अपनी अर्टिगा कार से इंदौर जा रहे थे। उनके आगे एक अन्य अर्टिगा कार चल रही थी। सुबह करीब 10 बजे सांई कृपा ढाबे के पास उज्जैन की ओर से आ रही एंबुलेंस के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए पहले आगे चल रही अर्टिगा को टक्कर मारी। इसके बाद एंबुलेंस ने पीछे चल रही दीपक चौहान की कार को भी टक्कर मार दी।
कारों को भारी नुकसान, एक व्यक्ति घायल
हादसे में दीपक चौहान की दाहिनी कलाई में चोट आई। उनकी कार के ड्राइवर साइड के दोनों दरवाजे, रियर व्यू मिरर, डिक्की, टायर और पीछे का कांच क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं दूसरी अर्टिगा के गेट, टायर और चेसिस को नुकसान पहुंचा है।
पुलिस के मुताबिक घटना के समय एंबुलेंस में कोई मरीज नहीं था। टक्कर के बाद चालक एंबुलेंस छोड़कर मौके से फरार हो गया। उन्हेल पुलिस ने चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की जांच के साथ उसकी तलाश की जा रही है।

More Stories
उज्जैन में चलती बस में लगी भीषण आग, 12 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
दिग्विजय सिंह 20 अक्टूबर से निकालेंगे ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’, उज्जैन से अयोध्या तक 930 किमी पैदल चलेंगे
उज्जैन के पुनीत बदेका का स्पेस टेक्नोलॉजी में कमाल, 502 ग्राम का कैमरा अंतरिक्ष में