उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत चल रहे सड़क चौड़ीकरण अभियान के बीच छत्री चौक स्थित ऐतिहासिक शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने का काम मस्जिद कमेटी द्वारा स्वेच्छा से किया जा रहा है। प्रशासन के मुताबिक, कमेटी के सदस्य पिछले तीन दिनों से दिन-रात काम कर प्रभावित हिस्से को हटाने में जुटे हैं।
कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने बताया कि मस्जिद कमेटी के सदस्य स्वयं आगे आकर चौड़ीकरण से प्रभावित क्षेत्र को हटाने का कार्य कर रहे हैं। सुरक्षा के लिहाज से छत्री चौक और आसपास के कुछ हिस्सों में अस्थायी रूप से आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। कार्य पूरा होने के बाद इन मार्गों को सामान्य यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
सुरक्षा के लिए पुलिस और RPF की तैनाती
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान सभी वर्गों से सहयोग मिल रहा है। मस्जिद की ऊंचाई अधिक होने के कारण निर्माण सामग्री और मलबा गिरने की आशंका को देखते हुए आसपास का क्षेत्र एहतियातन बंद किया गया है।
इलाके में सुबह और शाम पुलिस बल के साथ RPF द्वारा पेट्रोलिंग की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च भी किया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार, शाही मस्जिद के आसपास अधिकांश क्षेत्रों में स्कूल, बाजार और यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं। केवल निर्माण स्थल के आसपास सुरक्षा कारणों से प्रतिबंध लगाए गए हैं।
पथराव और अशांति के मामलों में 8 FIR
पुलिस के मुताबिक, पत्थरबाजी, शहर काजी के घर पथराव और अन्य अशांति से जुड़े मामलों में अब तक कुल 8 FIR दर्ज की गई हैं। CCTV फुटेज, ड्रोन फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर 35 आरोपियों को चिन्हित किया गया है।
पुलिस के अनुसार, इनमें से 15 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
सोशल मीडिया पर निगरानी, अफवाहों से बचने की अपील
पुलिस प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट सूचनाओं और भ्रामक पोस्ट पर भरोसा नहीं करने की अपील की है। SP प्रदीप शर्मा के अनुसार, पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम लगातार संदिग्ध और भ्रामक कंटेंट पर नजर रख रही है।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी सूचना पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसकी पुष्टि करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत चल रहे विकास कार्यों को शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था लगातार निगरानी में है।

More Stories
उज्जैन में कमर्शियल गरबा आयोजन के विरोध में प्रदर्शन, शुभ बेकरी के पोस्टर-बैनर फाड़े
उज्जैन में 19 वर्षीय युवती के अपहरण का मामला, कुछ घंटे बाद वीडियो में बोली- अपनी मर्जी से गई हूं
उज्जैन में युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल