V India News

Web News Channel

उज्जैन में 19 वर्षीय युवती के अपहरण का मामला, कुछ घंटे बाद वीडियो में बोली- अपनी मर्जी से गई हूं

उज्जैन के लालबाई-फूलबाई क्षेत्र में मंगलवार रात 19 वर्षीय युवती के कथित अपहरण का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। युवती पुलिस विभाग में क्रेन चलाने वाले ड्राइवर की बेटी बताई जा रही है। घटना रात करीब 8 बजे की है, जब युवती घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान बिना नंबर की काले रंग की कार से आए दो युवकों ने उसे कथित तौर पर जबरन कार में बैठाया और वहां से फरार हो गए।

घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलने के बाद जीवाजीगंज थाना पुलिस ने युवती की तलाश शुरू की और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

कुछ घंटे बाद सामने आया युवती और युवक का वीडियो

घटना के कुछ घंटे बाद युवती और मुख्य आरोपी बताए जा रहे ध्रुव का एक वीडियो सामने आया। बताया जा रहा है कि यह वीडियो दोनों ने अपने परिजनों को भेजा है। वीडियो में दोनों अपनी मर्जी से घर से जाने और शादी करने की बात कहते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में ध्रुव का कहना है कि युवती अपनी इच्छा से उसके साथ आई है और दोनों पिछले करीब चार वर्षों से संपर्क में हैं। उसने परिजनों से किसी तरह का दबाव नहीं बनाने की अपील की। युवती भी वीडियो में किसी तरह की जबरदस्ती से इनकार करती दिखाई दे रही है।

हालांकि युवती ने बताया कि कार में बैठते समय एक महिला ने पीछे से उसका हाथ पकड़ा था और युवक ने उसे खींचा था। उसने वीडियो में इस घटना को गलत नीयत से की गई हरकत नहीं बताया।

दोनों ने कहा कि वे दो-तीन दिन के भीतर स्वयं पुलिस या कोर्ट के सामने पेश होंगे।

पुलिस कर रही युवती की तलाश

फिलहाल पुलिस युवती की सुरक्षित बरामदगी के प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार, युवती के बरामद होने और उसके बयान दर्ज होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटनाक्रम वास्तव में किस तरह हुआ और इसमें किसी तरह की जबरदस्ती थी या नहीं। पुलिस CCTV फुटेज, सामने आए वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।