V India News

Web News Channel

जावरा में एक ही जगह दो हादसे, 4 की मौत!

रतलाम/जावरा: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर जावरा के नयापुरा क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब दो घंटे के अंतराल में एक ही स्थान पर दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए। दोनों दुर्घटनाओं में सास-बहू समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। घायलों को जावरा के सरकारी अस्पताल और रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

पहला हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। मुंबई के अंबरनाथ निवासी एक परिवार उत्तराखंड और अंबाला से लौटकर कार से मुंबई जा रहा था। नयापुरा के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 30 फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में 67 वर्षीय नरेंद्र कौर और उनकी 32 वर्षीय बहू मनप्रीत कौर की मौत हो गई। परिवार के अन्य सदस्यों को मामूली चोटें आईं।

दो घंटे बाद फिर पलटी कार

इसी स्थान पर सुबह करीब 6:30 बजे दूसरा हादसा हुआ। गुजरात के दाहोद जिले के विजागढ़ निवासी रमेश मकवाना को इलाज के लिए बरेली के मनोला धाम ले जाया गया था। लौटते समय उनकी कार असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में रमेश समेत पांच लोग घायल हुए। इलाज के दौरान रमेश और कार चालक रवि की मौत हो गई।

एएसपी विवेक कुमार लाल के अनुसार, दोनों हादसों में कुल चार लोगों की मौत हुई है और आठ लोग घायल हुए हैं। दुर्घटनाओं के कारणों की जांच की जा रही है और मर्ग कायम किया गया है।