V India News

Web News Channel

मोबाइल चोरी के आरोप से शुरू हुआ विवाद, चाकूबाजी तक पहुंचा; दो आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन। चिमनगंज थाना क्षेत्र के बापूनगर में जन्मदिन की पार्टी के बाद दोस्तों के बीच हुए विवाद में चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोमवार रात पुलिस दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर मौका मुआयना कराने लेकर पहुंची। इस दौरान पुलिस ने दोनों को सड़क पर पैदल घुमाया। आरोपी कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए, जबकि पुलिस के सामने उन्होंने उठक-बैठक भी लगाई।

मोबाइल को लेकर शुरू हुआ विवाद

घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। जीवाजीगंज क्षेत्र के तिलकेश्वर और आसपास की बस्ती के कुछ युवक बेगमबाग में दोस्त का जन्मदिन मनाने के बाद आगर रोड स्थित शराब दुकान के पास पहुंचे थे। यहां शराब पीने के दौरान मोबाइल गिरने और चोरी के आरोप को लेकर दोस्तों के बीच विवाद शुरू हो गया।

विवाद कुछ ही देर में मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया। आरोप है कि दुर्लभ उर्फ रोहित निवासी बापूनगर और गोलू खटीक निवासी भेरूनाला ने यश राठौर पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे भोला और नवीन पर भी हमला किया गया।

तीन युवक घायल

चाकूबाजी की घटना में यश और भोला गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों के पेट और सीने पर चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सात लोगों पर केस

घटना की सूचना मिलने पर चिमनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्लभ और गोलू सहित कुल सात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।