V India News

Web News Channel

धर्मशाला में महिला श्रद्धालु से मारपीट, सुरक्षाकर्मियों पर भी आरोप!

उज्जैन। महाकाल मंदिर की पं. सूर्यनारायण व्यास धर्मशाला में दिल्ली की महिला श्रद्धालु से कथित मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। श्रद्धालु प्रेरणा गर्ग ने आरोप लगाया है कि 16 सितंबर को 13 वर्षीय बेटी के सामने सुरक्षाकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की। महिला के मुताबिक, उनके बाल खींचे गए और घटना का वीडियो बनाने पर मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। उन्होंने बेटी के साथ भी बदसलूकी किए जाने का आरोप लगाया है।

प्रेरणा गर्ग ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जारी कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह 16 सितंबर को अपनी बेटी के साथ धर्मशाला पहुंची थीं और कर्मचारियों से कमरे की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। कमरा खाली नहीं होने की बात बताने पर उन्होंने चेक-आउट या बुकिंग रद्द होने की स्थिति में कमरा मिलने की संभावना पूछी।

महिला के अनुसार, जानकारी मिलने के बाद वह धर्मशाला परिसर में बैठकर इंटरनेट पर दूसरे होटल की तलाश कर रही थीं। इसी दौरान सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें परिसर से बाहर जाने के लिए कहा। कारण पूछने पर कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया।

वीडियो बनाने पर छीना मोबाइल

महिला का आरोप है कि उन्होंने घटनाक्रम को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करना शुरू किया था। इसी दौरान एक सुरक्षाकर्मी ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और मोबाइल छीन लिया। उन्होंने बाल खींचने और बेटी के सामने मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया है। महिला के अनुसार, उनकी बेटी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया।

थाने में दिया आवेदन

प्रेरणा गर्ग ने बताया कि घटना के बाद उनकी ट्रेन का समय हो गया था, जिसके कारण वह मंदिर समिति में लिखित शिकायत नहीं कर सकीं। हालांकि उन्होंने महाकाल थाने पहुंचकर मारपीट और अभद्रता को लेकर लिखित आवेदन दिया है।

जांच के बाद कार्रवाई

महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि महिला श्रद्धालु की ओर से मारपीट और अभद्रता को लेकर लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।