V India News

Web News Channel

उज्जैन में गणेश पंडाल में भीषण आग, 11 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा जलकर हुई खंडित!

उज्जैन। धर्मनगरी उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र स्थित संतराम सिंधी कॉलोनी में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब श्री सम्राट नवयुवक मित्र मंडल द्वारा सजाए गए गणेश पंडाल में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पूरा पंडाल आग की लपटों से घिर गया। हादसे में पंडाल में स्थापित करीब 11 फीट ऊंची भगवान श्री गणेश की भव्य प्रतिमा जलकर खंडित हो गई।

गणेशोत्सव को लेकर इस पंडाल को मां वैष्णोदेवी के दरबार की थीम पर आकर्षक रूप से सजाया गया था। पंडाल में भगवान गणेश के साथ उनकी बहन अशोक सुंदरी की प्रतिमा भी स्थापित की गई थी। बुधवार शाम अचानक पंडाल से तेज धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं, जिसके बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। सूचना मिलते ही नीलगंगा थाना पुलिस और दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हालांकि, तब तक आग पंडाल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले चुकी थी। आग की वजह से गणेश प्रतिमा के साथ पंडाल में लगाया गया सजावटी सामान भी जलकर खाक हो गया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

राहत की बात, कोई जनहानि नहीं

भीषण आग के बावजूद राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। समय रहते पुलिस और दमकल की टीम के पहुंचने से आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक लिया गया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

घटना के बाद बिजली विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। आग की वजह से क्षतिग्रस्त हुई बिजली की लाइनों की जांच और उन्हें ठीक करने का काम शुरू किया गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है।

नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था। दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पंडाल का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।