V India News

Web News Channel

मकान में भीषण आग, 5 लोग सुरक्षित!

उज्जैन। नानाखेड़ा थाना क्षेत्र की वसंत विहार कॉलोनी में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। घटना रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच हुई। आग मकान के निचले हिस्से में लगी, जबकि परिवार के पांच सदस्य ऊपर की मंजिलों पर सो रहे थे।

आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग तेजी से फैलने के कारण मकान में रखा अधिकांश घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

सीढ़ी लगाकर निकाला बाहर

आग के कारण मकान के ऊपरी हिस्से में परिवार के पांच सदस्य फंस गए थे। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने सभी को गैलरी के पास बुलाया। इसके बाद बाहर से सीढ़ी लगाकर एक-एक कर सभी को सुरक्षित नीचे उतारा गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

मकान आयुष मोगा का बताया गया है। आग लगने की घटना के बाद आसपास के इलाके में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र यादव के अनुसार, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।