उज्जैन। चिंतामण थाना क्षेत्र में बुधवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार मिस्त्री की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा राजाराम रिसॉर्ट के पास हुआ, जहां पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर
पुलिस के अनुसार, शांति नगर निवासी बाबूलाल उर्फ जितेंद्र पिता चैन सिंह यादव मिस्त्री का काम करते थे। बुधवार रात काम खत्म करने के बाद वे अपने साथी सतीश पिता रमेशचंद्र यादव निवासी सार्थक नगर और राहुल पिता दिलीप के साथ बाइक से घर लौट रहे थे।
तीनों राजाराम रिसॉर्ट के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले चली गई जान
हादसे की सूचना मिलते ही चिंतामण थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बाबूलाल उर्फ जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल सतीश और राहुल को उपचार के लिए चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
गुरुवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद पुलिस ने मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
चिंतामण थाना प्रभारी हेमराज यादव ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर थाने में खड़ा कराया गया है। चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

More Stories
श्री खड़े हनुमान मंदिर विवाद में संत समाज का विरोध तेज, महामंडलेश्वर बोले- ‘हिंदू समाज अब पीछे नहीं हटेगा’
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हर्ष फायरिंग का VIDEO, नकाबपोश आरोपी रतलाम से गिरफ्तार
ujjain; आधी रात कॉस्मेटिक गोदाम में लगी भीषण आग, सुबह फिर सुलगी लपटें